Chhindwara Cough Syrup: 11 बच्चों को 'मौत की दवा' देने वाला डॉ. प्रवीण सोनी सस्पेंड, CM मोहन का बड़ा ऐक्शन
Chhindwara Cough Syrup Scandal: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया में जहरीले कफ सिरप से 11 बच्चों की मौत के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परासिया में पदस्थ शिशु रोग एक्सपर्ट्स डॉ. प्रवीण सोनी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
निलंबन के बाद डॉ. सोनी को जबलपुर के क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवा कार्यालय में अटैच किया गया है। उन पर बच्चों के इलाज में लापरवाही बरतने और जहरीला कफ सिरप प्रिस्क्राइब करने का गंभीर आरोप है।

पुलिस ने डॉ. सोनी को हिरासत में लिया
छिंदवाड़ा पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए डॉ. प्रवीण सोनी को राजपाल चौक से हिरासत में लिया। एसपी अजय पांडे ने बताया, 'बीएमओ की रिपोर्ट के आधार पर डॉ. सोनी के खिलाफ 105 BNS, 276 BNS और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट की धारा 27(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में पाया गया कि डॉ. सोनी ने कोल्ड्रिफ कफ सिरप प्रिस्क्राइब किया, जिसमें जहरीले केमिकल की मौजूदगी पाई गई।' इसके अलावा, सिरप बनाने वाली तमिलनाडु की कंपनी श्रेसन फार्मास्युटिकल्स को भी इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है।
जहरीले सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकोल की खतरनाक मात्रा
लैब जांच में कोल्ड्रिफ कफ सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकोल (DEG) की मात्रा 46.2% पाई गई, जो सामान्य मानक (0.10%) से 460 गुना अधिक है। डायएथिलीन ग्लाइकोल एक विषैला पदार्थ है, जिसके कारण बच्चों में गंभीर रिएक्शन हुआ, उनकी किडनियां फेल हो गईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि डॉ. सोनी ने बिना पूरी जांच के इस सिरप को कई बच्चों को प्रिस्क्राइब किया।
निजी क्लीनिक में नियमों की अनदेखी
डॉ. प्रवीण सोनी सरकारी अस्पताल में कार्यरत हैं, लेकिन उन पर आरोप है कि वे नियमों को ताक पर रखकर निजी क्लीनिक में बच्चों का इलाज कर रहे थे और यहीं से कोल्ड्रिफ सिरप प्रिस्क्राइब किया गया। इस लापरवाही के कारण कई मासूम बच्चों की जान चली गई। इस घटना के बाद सरकार ने कोल्ड्रिफ कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है।
सीएम ने की मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और मृतक बच्चों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उनके निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. सोनी को सस्पेंड कर जबलपुर अटैच किया।
देशभर में डर का माहौल, सरकार ने जारी की एडवाइजरी
यह मामला मध्य प्रदेश और राजस्थान में सामने आए जहरीले कफ सिरप से जुड़े मामलों का हिस्सा है। कई राज्यों में बच्चों की तबीयत बिगड़ने और मौत की खबरों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। इसके बाद सरकार ने 2 साल से कम उम्र के बच्चों को सर्दी-खांसी में कफ सिरप न देने की सलाह दी है।
इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं और दवा नियमन पर सवाल खड़े किए हैं। जांच में और भी खुलासे होने की संभावना है, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Coldrif Cough Syrup: तेलंगाना सहित कई राज्यों ने कोल्ड्रिफ सिरप पर लगाया बैन, MP से डॉक्टर गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications