केंद्र सरकार ने खरीफ फसलों के लिए एमएसपी बढ़ाया, सीएम चौहान बोले इससे किसानों को होगा फायदा
भोपाल, 10 जून। केंद्र सरकार द्वारा खरीफ फसलों का वर्ष 2021-22 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इससे किसानों को लाभकारी मूल्य मिलेगा। किसान दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ाने का प्रयास भी करेंगे।

एमएसपी में वृद्धि खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान के साथ अन्य फसलों में भी की गई है। इससे किसानों को न सिर्फ उपज का उचित दाम मिलेगा बल्कि फसलों के विविधीकरण को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक के बाद एक किसान हित में कदम उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने से किसानों को लाभ होगा और उन्हें अपने पसीने की सही कीमत मिलेगी। दलहन एवं तिलहन का उत्पादन भी बढ़ेगा। वर्तमान में हमें दलहन का आयात करना पड़ता है। चौहान ने कहा कि केन्द्र द्वारा खरीफ फसलों के समर्थन मूल्य में 62 प्रतिशत तक की की गई वृद्धि सराहनीय है।
उड़द की एमएसपी रु. 6,000 से बढ़ाकर रु. 6,300 की गई, मूंगफली की एमएसपी रु. 5275 से बढ़ाकर रु. 5,550 की गई, सूरजमुखी के बीज की एमएसपी रु.5,885 से बढ़ाकर रु. 6,015 की गई, सोयाबीन (पीली) की एमएसपी रु. 3,880 से बढ़ाकर रु. 3,950 की गई, तिल की एमएसपी रु. 6,855 से बढ़ाकर रु. 7,307 की गई।
नाइजरसीड की एमएसपी रु. 6,695 से बढ़ाकर रु. 6,930 की गई, कपास (मध्यम रेशा) की एमएसपी रु. 5,515 से बढ़ाकर रु. 5,726 की गई और कपास (लंबा रेशा) की एमएसपी, जो वर्ष 2020-21 में रु. 5,825 थी, इसे वर्ष 2021-22 में बढ़ाकर रु. 6,025 किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications