BJP का मास्टर स्ट्रोक, मई में 3 बड़े अभियान चलाएगी भाजपा, 15 मई से 15 जून तक सांसद करेंगे घर-घर जनसंपर्क
मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी मई में मास्टर स्टॉक चलने जा रही है। इसके तहत भाजपा के सांसद 15 मई से 15 जून तक घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।

MP BJP News: मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रियों सांसदों और विधायकों की कार्यशैली से नाराज वरिष्ठ नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को साधने के लिए बीजेपी ने गुरूवार को सभी मंत्रियों, सांसदों विधायकों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि इस बैठक में पार्टी के आगामी कार्यकर्ताओं की रणनीति बनी है। सभी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा हुई है।
बता दे भोपाल में गुरूवार को बीजेपी का दिनभर चिंतन मंथन का दौर चला। पहले तो मोर्चा प्रकोष्ठ और पार्टी के तमाम पदाधिकारियों की बैठक हुई और शाम 8 बजे बीजेपी मुख्यालय में सांसद विधायक और मंत्रियों की बैठक हुई तो करीब तीन घंटे तक चली। इस बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, समेत केन्द्रीय मंत्री, फग्गन सिंह कुलस्ते, और वीरेन्द्र खटीक भी शामिल हुए।
मन की बात के 100वें एपीसोड को उत्सव की तरह मनाएगी BJP
वीडी शर्मा ने बताया कि 30 अप्रेल को पीएम मोदी के मन की बात के 100वें एपीसोड को पार्टी उत्सव की तरह मनाएगी। प्रदेश के सभी 64 हजार बूथों पर भव्य कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही 25 हज़ार बूथों पर 100-100 कार्यकर्ता पीएम के मन की बात सुनेंगे। इसके अलावा पार्टी ने 15 मई से 15 जून तक जनसंपर्क का विशेष अभियान तो चलाने ही वाली है। साथ ही बैठक में तय किया गया है कि पार्टी का वोट प्रतिशत 10 फीसदी बढ़ाकर 51 फीसदी करने के लिए 4 से 14 मई तक बीजेपी पूरे प्रदेश में बूथ विस्तार का महाअभियान चलाएगी। इसके लिए सभी पार्टी पदाधिकारियों, जिला कमेटियों और मोर्चा प्रकोष्ठों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दावे और दम के साथ रखे अपनी बात: सीएम शिवराज
सीएम शिवराजसिंह चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग जनता में झूठ फैला रहे है। उन्होंने कभी विकास के काम नहीं किए। कांग्रेस के समय अनाज का 1 करोड़ मैट्रिक टन उत्पादन होता था जो आज बढ़कर 7 करोड़ मैट्रिक टन हो गया है। जो मध्यप्रदेश का बजट 21 हजार करोड़ का होता था, आज 3 लाख 14 हजार करोड़ से अधिक का है। हमने किसानों का जीवन स्तर सुधारने का काम किया है। कांग्रेस की जब सरकार थी तब वह फुकलेट कंपनी थी, उसने हितग्राहियों को पैसा नहीं बांटा। हमारे पास पैसों की कोई कमी नहीं है। हर योजना के हितग्राहियों को हम राशि दे रहे है। हमारे पास इतने विकास के काम है कि पूरे दावे और दम के साथ कांग्रेस के झूठ का जवाब दें। उन्होंने सांसद, विधायकों से कहा कि मैदान में उतरों और विरोधियों पर टूट पड़ों। हमारे पास उपलब्धियां और विकास कार्यो के हथियार है। उनका उपयोग करो।
10 दिन तक चलेगा बूथ विजय संकल्प अभियान: मुरलीधर राव
एमपी बीजेपी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने 4 से 14 मई तक चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि 10 दिनों तक चलने वाला यह अभियान पार्टी का महत्वपूर्ण अभियान है। इस अभियान के अंतर्गत 10 बूथों पर एक कलस्टर का गठन किया जायेगा ओर कलस्टर के सभी कार्यकर्ता अभियान के दौरान आयोजित होने वाले खेल, वैचारिक और पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव के बाद पूरे देश की नजर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना पर रहेगी। चुनाव की दृष्टि से हम तैयारियों में जुटे है। हमारी तैयारियां और प्रभावी हो इसके लिए पार्टी के अभियानों को सफल बनाने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बूथ विजय संकल्प अभियान के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों से टीम भावना का निर्माण होगा। वहीं 51 प्रतिशत वोट शेयर की दिशा में हम आगे बढ़ेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश स्तर पर टीम बनी है। जिला, विधानसभा, मंडल और नीचे स्तर तक संचालन समितियां भी बनेगी। हर बूथ से 10 लोग इसमें शामिल होंगे।
नए मतदाताओं को जोडें, बूथ को मजबूत करें: विष्णुदत्त शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि अबकी बार 200 पार का नारा हमारे संगठन तंत्र की मजबूती से पूरा होगा। जिस तरह गुजरात में 80 लाख पन्ना समितियों की मेहनत के कारण भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की। जिसका उल्लेख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। उसी तरह मध्यप्रदेश में हम अर्ध पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति भी बना चुके है। इसी आधार पर हम विजय की ओर अग्रसर होंगे। उन्होंने कहा कि हमारे जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के कारण हम पार्टी के कार्यक्रमों को नीचे तक पहुंचाने में सफल हुए है। कार्यकर्ता उर्जा से भरे हुए है। बूथ स्तर तक हमारा तंत्र तैयार है। इस तंत्र को एक्टिव कर लिया तो बढ़ती हुई भाजपा को कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।
प्रत्येक विधानसभा में 100 स्थानों पर मन की बात के प्रभावी कार्यक्रम हो: हितानंद
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बूथ विस्तारक अभियान-2 की समीक्षा की और शेष काम को जल्द पूरा करने की बात कही। उन्होंने आगामी 4 से 14 मई तक चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान को सफल बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह अभियान महत्वपूर्ण है। इसकी तैयारियों में जुट जाएं। हितानंद ने कहा कि 30 अप्रैल को पीएम मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 100 वां संस्करण प्रसारित होगा। प्रत्येक विधानसभा में 100 स्थानों पर प्रभावी कार्यक्रम हो, इसकी तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि जून माह में होने वाले संत रविदास जी के मंदिर के भूमिपूजन के कार्यक्रम को लेकर हर पंचायत से शिलापूजन, हर गांव से जल, मिट्टी और एक मुठ्ठी चांवल एकत्रित करने की अभियान की जानकारी दी।












Click it and Unblock the Notifications