विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी नाराज कार्यकर्ताओं को मनाएगी, जनवरी से शुरू करेगी अभियान
बीजेपी संगठन में अनदेखी और अपमान से नाराज चल रहे असंतुष्ट नेताओं को साधने के लिए पार्टी एक कमेटी बनाकर उन्हें साधना का काम करेगी ! ऐसे नेताओं से उनकी नाराजगी के कारण पूछ कर उन्हें मनाया जाएगा।
मध्यप्रदेश में भाजपा अब नाराज चल रह कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए अभियान चलाएगी। इतना ही नहीं ऐसे नाराज कार्यकर्ताओं को साधने के लिए एक कमेटी भी बनाएगी। इस कमेटी में ऐसे नाराज नेताओं से उनकी नाराजगी के कारण पूछा जाएगा। विधानसभा चुनाव के समय ऐसे नेताओं और उनके समर्थकों के विरोध के चलते पार्टी को नुकसान का सामना ना करना पड़े, इसलिए बीजेपी ऐसा कर सकती है। बीजेपी द्वारा इसको लेकर जल्द ही एक कमेटी का गठन कर ऐसे नेताओं के साथ बैठक करने और मान मनौव्वल के काम कराए जाएंगे।

संगठन सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व ने भी पिछले दिनों हुई बैठक में इस तरह की वर्किंग पर जोर देने के निर्देश प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्रियों को दिए हैं। संगठन ने कहा है कि चुनाव के समय ही नाराज नेताओं की पूछ परख करने से उनमें यह भावना बनी रहती है कि चुनाव के कारण ही संगठन उनसे संवाद कर रहा है और उनकी पूछ परख बढ़ा रहा है। ऐसे में भी वरिष्ठ नेताओं की समझाइश पर मान तो जाते है। इसलिए प्रदेश संगठन से कहा गया है कि इसके लिए दिसंबर खत्म होने के पहले कमेटी बना दी जाए और जनवरी 2023 से इसके लिए काम शुरू कर दें, इसलिए केंद्रीय संगठन के निर्देश पर भाजपा जल्दी प्रदेश के संगठन प्रभारी की अध्यक्षता में कमेटी का ऐलान करेगी। जिसमें दो अन्य वरिष्ठ नेता रहेंगे जो सर्वमान्य छवि वाले हैं।
मंडल और विधानसभा स्तर पर तैयार होगी सूची
पार्टी सूत्रों का कहना है कि असंतुष्ट की नाराजगी दूर करने के लिए गठित होने वाली कमेटी हर मंडल और जिला स्तर पर सूची तैयार करेगी जो पार्टी से किसी ना किसी रूप से नाराज हैं। इसमें खासतौर पर पार्टी के विधायक मंत्री और अफसरों की अनदेखी से नाराज होने वाले नेताओं को चयनित किया जाएगा। समिति यह भी पता करेगी कि इन नाराज नेताओं की नाराजगी दूर करने के लिए मंडल और जिला स्तर पर क्या प्रयास जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा किए गए हैं। ऐसे नेताओं की सहमति के बाद नाराजगी दूर करने को लेकर प्रयास नहीं करने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications