Bhopal News: वार्ड 48 के भाजपा पार्षद की बीच सड़क पर सास-बहू ने कर दी पिटाई, छेड़छाड़ का आरोप, VIDEO वायरल
Bhopal News: राजधानी भोपाल से भाजपा पार्षद अरविंद वर्मा की पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ महिलाएं पार्षद को पीटती नजर आ रही हैं। महिलाओं ने अरविंद वर्मा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
यह घटना भोपाल के वार्ड 48 के कैंपियन स्कूल हॉकर्स कॉर्नर पर हुई। वीडियो में महिलाओं के साथ-साथ भाजपा पार्षद के साथ आए लोगों के बीच गाली-गलौच और मारपीट होती दिख रही है। जानकारी के अनुसार, यह विवाद पारस मीना नाम के एक व्यक्ति के साथ हुआ था, जिसके बाद महिलाओं ने अरविंद वर्मा को घेरकर थप्पड़ मारे।

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
Recommended Video
इस घटना के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने फेसबुक पेज पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "भाजपाइयों, इसे कहते हैं नारी शक्ति!" वीडियो देखकर लोगों को पार्षद की करतूतों का अंदाजा लग रहा है।
थाने पर हुआ जमकर हंगामा
भाजपा पार्षद अरविंद कुमार वर्मा और पारस मीना के बीच हुई मारपीट के बाद दोनों पक्ष चूनाभट्टी पुलिस थाने पहुंचे। यहां पर शिकायत दर्ज कराने के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। पार्षद अरविंद वर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराते ही पारस और उनके परिवार की महिलाएं भी थाने पहुंच गईं। पुलिस ने वर्मा की शिकायत पर पारस के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया, लेकिन पारस की शिकायत पर अरविंद वर्मा के खिलाफ कोई मामला नहीं दर्ज हुआ। इससे नाराज महिलाओं ने थाने में हंगामा शुरू कर दिया, जो लगभग 10 मिनट तक चला।
पार्षद का दावा
अरविंद वर्मा का कहना है कि पारस मीना और उसके दो भाईयों ने शाहपुरा फूड स्ट्रीट पर अवैध अतिक्रमण किया था, जिसके खिलाफ उन्होंने कार्रवाई की थी। इसके बाद से पारस और उसके परिवार ने बदला लेने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, "रविवार को मैं दोस्तों के साथ चाय पी रहा था, तभी उन्होंने मुझे देखते ही अभद्रता की और महिलाओं के साथ मिलकर मुझ पर हमला कर दिया।"
पुलिस का बयान
भूपेंदर कौर संधू, चूनाभट्टी थाना प्रभारी, ने बताया कि पार्षद अरविंद कुमार वर्मा की शिकायत पर पारस और उसके घर की महिलाओं के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष से भी शिकायती आवेदन लिया गया है, जिसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications