विधानसभा चुनाव से पहले CM शिवराज सिंह चौहान का बड़ा ऐलान, बोले किसानों से गाय का गोबर खरीदेगी सरकार
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित गौ-रक्षा संकल्प सम्मेलन का शुभारंभ किया। साथ ही गौ माता का पूजन और गौ सेवा भी की।

मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ की तर्ज पर अब शिवराज सरकार भी प्रदेश के किसानों से गाय का गोबर खरीदने की तैयारी कर रही है। राजधानी भोपाल में आयोजित गोरक्षा सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि हर साल गौ रक्षा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा और सरकार किसान से गाय का गोबर खरीदेगी।
गोबर से बनाएंगे बायो सीएनजी: CM
सीएम ने कहा कि सरकार किसान से गाय का गोबर खरीदेगी और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्लांट लगाकर खरीदे गए गोबर से बायो सीएनजी गैस बनाएगी। जबलपुर में प्लांट सितंबर में पूरा हो जाएगा। इसके बाद जगह-जगह प्लांट लगाकर सरकार गोबर खरीदेगी। मुख्यमंत्री ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील की है। बता दे अभी छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार किसानों से ₹2 किलो में गोबर खरीदती है और उससे गैस बनाई जाती है।
MP में अब इंसानों के साथ-साथ गोवंश को भी एंबुलेंस की सुविधा प्रदान की गई। भोपाल में शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोरक्षा संकल्प सम्मेलन की शुरूआत की। साथ ही प्रदेश के शहरी क्षेत्रों सहित सभी विकास खंडों के लिए 406 पशु चिकित्सा एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश में अब बीमार और घायल गोवंश को इलाज के लिए एक फोन पर एंबुलेंस मुहैया कराई जाएगी। 1962 पर फोन करते ही पशु चलित एंबुलेंस पशु चिकित्सक के साथ घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। बताया जा रहा है कि हर एक ब्लॉक के लिए अलग एंबुलेंस होगी।
पशुओं के इलाज के लिए टोल फ्री नंबर
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज वह दिन आ गया है जब एंबुलेंस केवल इंसान के लिए नहीं होगी बल्कि गौ-माता और अन्य पशुओं के इलाज के लिए भी होगी। एम्बुलेंस में एक पशु चिकित्सक, पैरावेट और सहायक सह-चालक भी होगा। आपात स्थिति में पशुओं के इलाज के लिए टोल फ्री नंबर 1962 भी जारी किया गया है।
गाय के पालन के लिए ₹900 प्रतिमाह
सीएम शिवराज ने कहा कि ऐसे किसान जो प्राकृतिक खेती करते हैं उन्हें ₹900 प्रतिमाह गाय के पालन के लिए दिए जाएंगे। सीएम शिवराज ने कहा कि जनजातीय भाई-बहन अगर गौ-पालन का कार्य करना चाहते हैं तो उन्हें दो गाय के लिए 90 प्रतिशत सब्सिडी सरकार की ओर से दी जाएगी, उन्हें केवल 10 प्रतिशत की राशि ही खर्च करनी पड़ेगी। सीएम ने कहा कि गौवंश का अवैध परिवहन करने पर वाहन राजसात कर लिया जाएगा, हम यह कानून बना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications