Bhopal News: भोपाल में दहशत फैलाने वाला कटर मैन अरेस्ट, मंत्री कृष्णा गौर ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
Bhopal News: भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र में युवतियों पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाले कथित "कटर मैन" बदमाश की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया।
यह सम्मान समारोह आयोजित कर पिपलानी, अयोध्या नगर, गोविंदपुरा और अवधपुरी थानों की संयुक्त पुलिस टीम की सराहना की गई। राज्यमंत्री गौर ने कहा कि पुलिस की सुरक्षित और भरोसेमंद छवि समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है और समय पर कार्रवाई से आमजन का विश्वास मजबूत होता है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टूटा अपराधियों का मनोबल
राज्यमंत्री ने कहा कि समाज में घट रही गंभीर घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है, जबकि पुलिस को सहयोग देना नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय पैदा होता है और पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ता है।
भोपाल में तीन छात्राओं पर हमला कर फैलाई थी दहशत
उल्लेखनीय है कि भोपाल में तीन छात्राओं पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाला साइको मैन आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी को बुधवार रात छोला इलाके में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान देवेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है, जो सागर जिले का निवासी है।
पारिवारिक विवाद बना हमलों की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देवेंद्र अहिरवार का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी के मायके चले जाने के बाद वह मानसिक रूप से असंतुलित हो गया और अपना गुस्सा महिलाओं पर निकालने लगा। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि इसी वजह से उसने एक के बाद एक युवतियों को निशाना बनाया।

सागर में भी कर चुका है चार वारदातें
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि देवेंद्र भोपाल से पहले सागर जिले में भी चार युवतियों पर कटर से हमला कर उन्हें घायल कर चुका था। उन मामलों का समय पर खुलासा नहीं होने से उसके हौसले बढ़ गए और उसने भोपाल में भी वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
आरोपी पर था 20 हजार का इनाम
भोपाल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। क्राइम ब्रांच, अयोध्या नगर और पिपलानी थानों की करीब 40 से अधिक टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। पुलिस ने शहर के हिस्ट्रीशीटरों का डाटा खंगालते हुए संदिग्धों से पूछताछ भी की।
900 CCTV कैमरे खंगाले, 600 से ज्यादा लोगों से पूछताछ
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 900 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक बाइक का नंबर सामने आया, जिसके आधार पर करीब 600 संदेहियों से पूछताछ की गई। इसके साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क कर जानकारी साझा की गई।
भागने की कोशिश में जंगल से दबोचा गया आरोपी
बुधवार रात आरोपी एक बार फिर वारदात की नीयत से निकला था। पुलिस पहले से सतर्क थी और बाइक नंबर के आधार पर उसकी घेराबंदी कर ली गई। पीछा करने पर आरोपी अयोध्या बाइपास से कोच फैक्ट्री के जंगलों की ओर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
मोबाइल से मिले अश्लील वीडियो, नशे की लत का खुलासा
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें कई अश्लील वीडियो पाए गए। पूछताछ में आरोपी ने नशा करने की बात भी स्वीकार की है। उसने बताया कि पत्नी से अलगाव के बाद वह महिलाओं से नफरत करने लगा था।
पिपलानी और अयोध्या नगर में की थीं वारदातें
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 29 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे पिपलानी इलाके में पहली वारदात को अंजाम दिया था। इसी क्षेत्र में उसने दो अन्य युवतियों पर भी कटर से हमला किया, हालांकि केवल दो मामलों में ही शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के नरेला शंकरी इलाके में उसने आखिरी हमला किया।
पुलिस की सतर्कता से शहर को मिली राहत
संयुक्त पुलिस कार्रवाई और सतर्कता के चलते आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से शहर में फैली दहशत कम हुई है और आमजन ने राहत की सांस ली है।
सम्मान समारोह में क्या हुआ?
आज राज्य मंत्री कृष्णा गौर के निवास कार्यालय पर आयोजित विशेष समारोह में टीम के प्रमुख अधिकारियों और सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शामिल थे:
- थाना प्रभारी पिपलानी चन्द्रिका यादव
- थाना प्रभारी अयोध्या नगर महेश लिल्हारे
- थाना प्रभारी गोविंदपुरा अवधेश तोमर
- थाना प्रभारी अवधपुरी सुरेश मीणा
- क्राइम ब्रांच और अन्य टीम सदस्य












Click it and Unblock the Notifications