Bheem army रविवार को आरक्षण के समर्थन में करेंगी बड़ा शक्ति प्रदर्शन, ASP के चंद्रशेखर रावण भी करेंगे शिरकत

मध्यप्रदेश में साल के आखिरी में चुनाव होना है ऐसे में सामाजिक संगठनों के आंदोलन भी तेज हो गए हैं। अभी कुछ दिन पहले करणी सेना ने एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में शक्ति प्रदर्शन किया था और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की थी। इसके बाद अब राजधानी भोपाल में आरक्षण के पक्ष में रविवार को भीम आर्मी शक्ति प्रदर्शन करने वाली है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण के आह्वान पर प्रदेश भर से दलित आदिवासियों को बुलाया जा रहा है। इस आंदोलन में दलितों आदिवासियों के अलावा पिछड़े वर्ग को भी शामिल किया जा रहा है। आजाद समाज पार्टी के नेता आंदोलन में लाखों की भीड़ जुटाना चाहते हैं, जबकि प्रशासन ने भोपाल में 20 हजार लोगों के लिए ही परमिशन दी है।
आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अस्तेय ने बताया कि 12 फरवरी 2023 को आरक्षण के समर्थन में सामाजिक न्याय यात्रा भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के तत्वधान में होगी। इस सामाजिक न्याय यात्रा में प्रदेशभर से बहुजन समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया। इस कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सुनील अस्तेय ने बताया कि हमारे कार्यक्रम से भयभीत होकर विपक्षियों ने अफवाह फैलाना शुरू कर दी हैं। इस प्रकार की अफवाह फैलाई जा रही है कि ट्रेनें कैंसिल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मैं अपने कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि सिर्फ एक ही ट्रेन किसी अन्य कारण से कैंसिल हुई है।
आंदोलन में शामिल होने 6 से 7 साल के बच्चे आ रहे हैं पैदल
सुनील अस्तेय ने बताया कि इस आंदोलन में शामिल होने के लिए कुछ लोग रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर से पैदल मार्च करते हुए भोपाल आ रहे हैं। इसमें 12 साल की खुशी बामनिया और 7 साल के यशराज चौहान और 6 साल की लक्ष्मी बागरी पैदल मार्च कर रही हैं।
आजाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अस्तेय ने बताया कि इस साल 1 जनवरी से पूरे प्रदेश में 25 सूत्री मांगों को लेकर गांव से राजधानी भोपाल तक सामाजिक न्याय यात्रा निकाली जा रही है। "सामाजिक न्याय यात्रा" 12 फरवरी 2023 की हमारी तैयारी पूरी हो चुकी है। सरकार नहीं चाहती कि बहुजन समाज ( एससी-एसटी ओबीसी अल्पसंख्यक ) के लोग स्वतंत्र भारत में भाजपा सरकार की जातिवादी गलत नीतियों का विरोध करें। हम मध्य प्रदेश में सभी वर्गों की जातिगत जनगणना एवं ओबीसी के 27% आरक्षण आदिवासी भाइयों के पेसा एक्ट कानून और अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारियों की सुरक्षा चाहते हैं। प्रदेश के मौजूदा हालात किसानों छात्रों और कर्मचारियों सहित महिलाओं के लिए प्रेरित करने वाले हैं। 12 फरवरी को प्रदेश व्यापी आंदोलन होगा। जिसमें हमें प्रदेश के जयस एवं ओबीसी महासभा सहित दलित आदिवासी पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज और सामाजिक बड़े संगठनों का समर्थन मिला है।
22 फरवरी को व्यापम कांड के विसिल ब्लोअर और ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ आनंद राय आदिवासियों पर एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग का मामला उठाएंगे। आनंद राय ने कहा कि रतलाम में आदिवासियों के ऊपर गलत तरीके से एट्रोसिटी एक्ट लगाया गया। आंदोलन करने पर एक आदिवासी युवा पर रासुका लगाई गई। एक युवा नेता को जिला बदर किया गया।12 फरवरी को भोपाल में आए लाखों पिछड़े दलित और आदिवासियों के सामने यह बात बताएंगे। उन्होंने कहा कि परिवर्तन की आवाज भेल दशहरा मैदान से उठेगी।












Click it and Unblock the Notifications