MP मानसून सत्र के पहले दिन अमित शाह का तय हुआ अचानक दौरा, भोपाल की शाम को क्या होगा 'मंगल'?
Amit Shah's surprise visit in bhopal: मध्य प्रदेश चुनावी साल में आगे बढ़ता जा रहा है। सियासी दिग्गजों के दौरे तेज होते जा रहे हैं। खबर है कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भोपाल इमरजेंसी विजिट का प्लान बना हैं। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम को शाह भोपाल पहुंचेगे।
अमित शाह का अचानक भोपाल आने के बने इस प्रोग्राम से पार्टी नेताओं में खलबली मच गई हैं। इसे इमरजेंसी दौरा माना जा रहा है। मंगलवार की शाम को राजधानी भोपाल में ही बीजेपी की बड़ी बैठक भी हैं। जानकारी के मुताबिक शाह इस बैठक में शामिल होंगे।
आने वाले चुनाव के मद्देनजर अमित शाह की इस विजिट को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा हैं। खास बात यह भी है कि इसी दिन मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरूआत भी हो रही हैं। बीजेपी विधायक दिन का वक्त विधानसभा में गुजारने के बाद शाम को पार्टी की बैठक में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संगठन पदाधिकारियों की बैठक है। दिन भी मंगलवार है लिहाजा पार्टी खेमे में इस बात की चर्चा जोरों पर हैं कि शाह बैठक के बहाने कोई बड़ा 'मंगल' संकेत या संदेश देकर जा सकते हैं। इससे पहले उनका बालाघाट का दौरा 22 जून को तय हुआ था। लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनका हेलीकाप्टर रायपुर से बालाघाट आते वक्त वापस लौट गया था।
वहीं कुछ दिनों पहले कुछ राज्यों के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भी बदले गए हैं। हाल ही में केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुलाकात के लिए दिल्ली भी बुलाया था। प्रदेश संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट काफी वक्त से चली आ रही हैं। प्रदेश में चुनाव की कमान भूपेन्द्र यादव को सौंपी गई हैं। लिहाजा अनुमान लगाया जा रहा है कि यादव को नई जिम्मेदारी के साथ प्रदेश संगठन की शाह के साथ बैठक बड़ी रणनीति का हिस्सा रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications