Bhopal News: अमित शाह ने सरकार के कामों का दिया हिसाब, परिवारवाद और धारा 370 को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा
Amit Shah News: केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि हम पहली बार जब 2014 में मध्यप्रदेश आए थे, तब यहां की जनता ने भाजपा को 29 में से 27 सीटें दीं। दूसरी बार 29 में से 28 सीटें दीं। मैं आज आपको रिक्वेस्ट करने आया हूं, इस बार एक सीट की कमी मत रखिए, 29 की 29 सीटें मोदी जी की झोली में डाल दीजिए।
आप प्रबुद्धजन सिर्फ मत नहीं देते, जनमत का निर्माण करते हैं। इसलिए आप सभी लोग मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन कीजिए और 400 पार का जो नारा मोदी जी ने दिया है, उसे सार्थक कर दीजिए, हम वादा करते हैं कि हम भारतमाता को विश्वगुरु के आसन पर प्रतिष्ठित करेंगे, भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनाएंगे।

यह बात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में अमृतकाल में राष्ट्रोदय विषय पर वृहद् प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
सरकार के कामों का हिसाब-किताब देने आया हूं
शाह ने कहा कि वर्ष 2024 सारी दुनिया में लोकतंत्र के पर्व का वर्ष है। दुनिया की 40 प्रतिशत आबादी चुनाव करने जा रही है। भारत भी चुनाव की प्रक्रिया से गुजरने वाला है और देश के 100 करोड़ मतदाता यह तय करेंगे कि देश के शासन की धुरी किस व्यक्ति के हाथ में रहेगी, किस पार्टी और विचारधारा के हाथ में रहेगी।

शाह ने कहा कि जब जनसंघ के रूप में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई, तब से लेकर अब तक हमने कभी चुनाव को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं माना। हमने इसे लोकतंत्र के उत्सव के रूप में स्वीकार किया है, माना है और मनाया है। हमने चुनाव को जनसंपर्क का जरिया माना है। अपने सिद्धांतों और विचारधारा को जनता के पास ले जाने का जरिया माना है। हमने चुनाव को जनता को अपनी उपलब्धियों और काम का हिसाब-किताब देने का जरिया माना है और इसीलिए देश के हर लोकसभा क्षेत्र में पार्टी का कोई न कोई नेता जाकर संपर्क कर रहा है। इसी कड़ी में आप प्रबुद्धजनों के साथ संवाद हो रहा है।

पीएम मोदी ने की 'पॉलिटिक्स ऑफ परफारमेंस' की स्थापना
शाह ने कहा कि लोकतंत्र के अंदर अगर मत निर्माण की प्रक्रिया ना हो तो लोकतंत्र में आत्मा ही नहीं रहती। दुर्भाग्य से हमारे देश में आजादी के बाद जितने भी चुनाव हुए, वे सारे चुनाव जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार से प्रेरित रहे। कहीं जातिवाद से जनमत को प्रभावित किया गया, कभी परिवारवाद से जनमत को प्रभावित किया गया, कहीं तुष्टिकरण से जनमत को प्रभावित और संग्रहित किया गया और कहीं भ्रष्टाचार के पैसों से जनमत को कलर्ड करने का प्रयास किया गया। हमारे देश का लोकतंत्र इन चार नासूरों के बीच में पलता रहा। लेकिन नरेंद्र मोदी जी ने 10 ही साल के अंदर चारों नासूरों को समाप्त कर इनकी जगह 'पॉलिटिक्स ऑफ परफारमेंस' की स्थापना की। आज देश सच्चे लोकतंत्र की दिशा में जा रहा है।

आप तीसरा जनादेश दीजिए, भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएगा
शाह ने कहा कि आपको जिन लोगों के बीच चुनाव करना है, उसमें एक वो लोग हैं, जो परिवार के लिए जीते हैं और दूसरे वो लोग हैं जो देश के लिए जीते हैं। ये पारदर्शिता का जमाना है और आप स्वयं यूपीए सरकार के 10 साल और एनडीए सरकार के 10 सालों की तुलना कर सकते हैं। कांग्रेस ने 10 साल में 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले किए। नरेंद्र मोदी जी पर 10 साल में चार आने के भ्रष्टाचार का भी कोई आरोप नहीं लगा सकता।
शाह ने कहा कि कांग्रेस के दस सालों में माता-बहनों का सम्मान असुरक्षित था, देश की सीमाएं असुरक्षित थीं। हजारों करोड़ के घोटालों से देश का अर्थतंत्र रसातल में चला गया था। देश का सम्मान पाताल तक पहुंच गया था। मोदी सरकार के 10 सालों के बाद आज किसी की हिम्मत नहीं कि देश की सीमाओं की तरफ देख सके। देश का अर्थतंत्र आजादी के बाद सबसे ज्यादा ऊंचाई पर है। अटल जी की सरकार अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर पर छोड़कर गई थी। कांग्रेस के 10 सालों में यह 11 वें नंबर पर ही रही। मोदी जी की सरकार ने 10 साल के अंदर अर्थतंत्र को 11 नंबर से पांचवें नंबर पर लाने का काम किया। श्री शाह ने कहा कि यह मोदी जी की गारंटी है कि आप तीसरा जनादेश दीजिए और देश दुनिया में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
हर बात का विरोध करना कांग्रेस की आदत
शाह ने कहा कि हम नई पार्लियामेंट बनाते हैं तो कांग्रेस कहती है क्या जरूरत है। किंग पंचम जॉर्ज का बनाया हुआ राजमार्ग जो अंग्रेजों की गुलामी का प्रतीक था, जब उसे कर्त्तव्य पथ बनाया जाता है और किंग जॉर्ज पंचम की जगह पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा लगाई जाती है, तो उसका भी विरोध करते हैं। श्री शाह ने कहा कि 2014 से 24 के बीच के 10 साल साहसिक फैसलों, दुर्गम निर्णयों और उज्जवल भविष्य के सपनों के 10 साल रहे हैं। हमने संकल्प ले रखा था कि हम धारा 370 को हटाकर समाप्त कर देंगे। कांग्रेस ने इसे तुष्टिकरण के चलते दशकों तक बनाए रखा, पीएम मोदी ने एक झटके में हटा दिया।
शाह ने कहा कि आज हमारा कश्मीर भारत माता का मुकुटमणि बनकर समग्र विश्व के सामने तिरंगे के साथ खड़ा है। 30 साल के बाद वहां थिएटर चालू हुए, 30 साल के बाद लाल चौक पर जन्माष्टमी मनाई जाती है, 30 साल के बाद वहां मोहर्रम का जुलूस निकालता है और 30 साल के बाद देश-विदेश के दो करोड़ पर्यटक वहां पहुंचते हैं। पड़ोसी देशों से आए हुए नागरिक जो अपनी बहन-बेटियों का सम्मान और धर्म बचाने के लिए भारत आए हैं, उनसे आजादी के बाद ही नागरिकता देने का वादा किया गया था। लेकिन उसे 70 सालों में पूरा नहीं किया गया। मोदी जी ने कानून लाकर एक करोड़ लोगों को नागरिकता देकर आजादी के समय का वादा पूरा किया। मुस्लिम बहनों को उनका अधिकार नहीं मिलता था। कभी भी उन्हें अपमानित करके आधी रात को घर से बाहर निकाल दिया जाता था। मोदी जी ने ट्रिपल तलाक को भी समाप्त कर दिया। किसानों के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को हमने माना और 150 प्रतिशत एमएसपी का रेट तय किया। वन रैंक वन पेंशन का मसला भी हमने समाप्त कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications