भारत की चिंता छोड़ें और फटे कुर्ते की फिक्र करें राहुल गांधी, भिंड में नरेंद्र सिंह तोमर का बड़ा बयान
MP Assembly Election 2023: केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा के सामने दो ही पार्टियां हैं। एक कांग्रेस है और दूसरी बसपा है। कांग्रेस के जो प्रत्याशी हैं, वो 2003 से पहले की कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हैं। क्या उस समय यहां डामर की एक भी सड़क थी? क्या किसी भी गांव में बिजली आती थी? दूसरी है बसपा, तो उसका हाथी उत्तरप्रदेश में योगी जी के सामने हांफ रहा है, वो मध्यप्रदेश में क्या कर पाएगी?
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को भिंड के नयागांव में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इसके अलावा संध्या राय और स्थानीय पार्टी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने भाषण दिया। सभा के दौरान तोमर और शर्मा ने भाजपा की सदस्यता लेने वाले सरपंच रामू कुशवाहा और पप्पू भाई से मुलाकात की।

कांग्रेस पार्टी झूठी, उसके नेता भी झूठे- तोमर
तोमर ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 900 वचन दिये थे, लेकिन उनमें से 9 वचन भी पूरे नहीं किए। कांग्रेस ने कहा था किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ कर देंगे, किया क्या? कांग्रेस ने कहा था बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देंगे, किसी युवा को दिया क्या? कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा था कि अगर दस दिनों में किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ, बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला, तो मैं 11 वें दिन मुख्यमंत्री बदल दूंगा, उन्होंने बदला क्या? कांग्रेस के राज्य के नेता झूठे और केंद्र के नेता भी झूठे। इसका मतलब है कांग्रेस झूठ की गारंटी है।

भाजपा सरकारों ने किया विकास
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि 2003 में जब प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तो उस समय राज्य सरकार के मंत्री के रूप में जिले के किसी गांव में डामर की पहली सड़क बनवाने का काम मेरे द्वारा किया गया, जिसके लिए मुझे गर्व है। हमारे नेता पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में प्रत्येक गांव को सड़कों से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बनाई थी और उनकी इस योजना के अंतर्गत 6 लाख गांवों को सड़कों से जोड़ा गया।
तोमर ने कहा कि हमारे पीएम नरेंद्र मोदी ने 3 लाख करोड़ की लागत वाले जल जीवन मिशन शुरू किया है, जिसमें हर घर में नल से जल से पहुंचाया जा रहा है। आने वाले समय में देश में ऐसा कोई घर नहीं बचेगा, जिसमें से नल से पानी न पहुंचता हो। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने प्रदेश के मंत्री और विधायक के रूप में जितना काम किया है, उतना आजादी के बाद से अभी तक के सारे विधायकों ने मिलकर भी नहीं किया होगा।

कांग्रेस बताए, देश-प्रदेश के लिए क्या किया?
तोमर ने कहा कि कांग्रेस के लोग सिर्फ देश-प्रदेश में भ्रम पैदा कर रहे हैं। वो खुद ही जय बन जाते हैं और खुद ही वीरू बन जाते हैं। लेकिन इस चुनाव से जय और वीरू का क्या लेना-देना है? रावण और अहिरावण का क्या लेना-देना है? आप इधर-उधर की बातें छोड़िए और ये बताइये कि इस क्षेत्र के लिए, देश-प्रदेश की जनता के लिए क्या किया है? कांग्रेस प्रत्याशी, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह एक सड़क का नाम बता दें जो उन्होंने बनवाई हो। एक तालाब बता दें जो उन्होंने खुदवाया हो?
भारत की चिंता छोड़ें, फटे कुर्ते की फिक्र करें राहुल गांधी
तोमर ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे थे। कह रहे थे हम भारत को जोड़ेंगे। यहां इतने लोग बैठे हुए और इनमें से कई लोग सेना में भी काम करते हैं और जब सीमाओं की सुरक्षा की बात आती है तो अपना बलिदान भी देते हैं। मैं उन सभी से पूछना चाहता हूं कि क्या आप में से किसी को भी देश कहीं से टूटता नजर आ रहा है क्या? आपको नहीं आ रहा, लेकिन राहुल गांधी को आ रहा है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि नरेंद्र मोदी जब तक भारत के प्रधानमंत्री हैं, भारत की तरफ कोई आंख उठाकर भी नहीं देख सकता। आप भारत की चिंता छोड़िए और कांग्रेस की फिक्र कीजिए। आपके नेता एक-दूसरे का कुर्ता फाड़ रहे हैं, आप मध्यप्रदेश आइये और उनके कुर्ते को रफू करा दीजिए, तो कांग्रेस पार्टी बची रहेगी।
जब तक भाजपा का कार्यकता खड़ा है, सनातन का कुछ नहीं बिगड़ेगा
तोमर ने कहा कि कांग्रेस आज दिवालिया हो चुकी है। उसे देश से लेना देना नहीं, विकास से लेना देना नहीं, अपने कार्यकर्ता से भी लेना देना नहीं। ये देश को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते। इसलिए मोदी जी के रास्ते में रुकावटें डालते रहते हैं। तोमर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन लोगों के साथ खड़ी है, जो सनातन को समाप्त करना चाहते हैं। मैं राहुल गांधी और उनके पूरे गठबंधन से यह कहना चाहता हूं कि सनातन धर्म को समाप्त करने का स्वप्न देखकर कई मुगल आक्रमणकारी भारत आए और बैरंग वापस चले गए, सनातन धर्म का कुछ बिगाड़ नहीं पाए। आज भी जब तक धरती पर बीजेपी का एक कार्यकर्ता कमल का झंडा लिए खड़ा है, तब तक कोई सनातन का बाल बांका नहीं कर सकता।
ये देश विरोधी शक्तियों को जवाब देने का चुनाव है
तोमर ने कहा कि हमारे सेना के जवान आतंकवादियों को मारने के लिए पाकिस्तान में कई किलोमीटर अंदर घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं, तो कांग्रेस उस पर शंका करती है। समझ में नहीं आता कि कांग्रेस आतंकवादियों के साथ है, या उनके विरोध में है। लेकिन इससे यह बात साफ हो जाती है कि कांग्रेस एकदम खतरनाक स्थिति में है और वह देश को नुकसान पहुंचा सकती है।
तोमर ने कहा कि ये चुनाव नरेंद्र सिंह कुशवाहा का चुनाव नहीं है, यह नरेंद्र सिंह तोमर का भी चुनाव नहीं है, यह वीडी शर्मा जी का चुनाव भी नहीं है। 2024 से पहले हो रहा यह चुनाव भारत को विश्वगुरु बनाने का चुनाव है, देश विरोधी शक्तियों को जवाब देने का चुनाव है। इस चुनाव में आप प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के हाथ मजबूत करने के लिए, भारत माता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए भाजपा को वोट दें, हर बूथ पर कमल खिलाएं।












Click it and Unblock the Notifications