MP: दबंगों ने गांव में नहीं घुसने दिया एंबुलेंस, गर्भवती महिला की मौत
भिंड, 22 जुलाई। जिले में दबंगों की दबंगई और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही एक गर्भवती महिला की मौत की वजह बन गई। बेबस विकलांग पति एम्बुलेंस नहीं मिलने की वजह से लोडिंग वाहन में पत्नी को लहार सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। महिला ने लोडिंग वाहन में ही 1 नवजात बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल पहुंचने पर दूसरे बच्चे को जन्म देने से पहले महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिवार वालों ने अस्पताल में जमकर हंगामा मचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उसके बच्चे की भी हालत गंभीर बनी हुई है। इस वजह से उसे जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड रेफर किया गया है। मामला निसार गांव का है।

मिली जानकारी के अनुसार निसार गांव की रेखा राठौर 7 महीने से गर्भवती थी, वह 4 दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से अपने घर भिंड के निसार गांव में आई हुई थी। गुरुवार रात को महिला को प्रसव पीड़ा हुई। उसकी हालत देख विकलांग पति सावली राठौर ने जननी एक्सप्रेस को फोन लगाया, परिवार वालों का आरोप है कि जननी एक्सप्रेस गांव तक आई, लेकिन गांव के असामाजिक दबंगों ने उसे वापस लौटा दिया। इस पर उसका बेबस विकलांग पति लोडिंग वाहन में पत्नी को लेकर निसार गांव से लहार सरकारी अस्पताल पहुंचा, समय पर लहार अस्पताल न पहुंचने पर रास्ते में महिला ने 1 बच्चे को जन्म दे दिया।
गर्भवती महिला को लगातार हो रहा था दर्द
उसके बाद महिला को दूसरे बच्चे के जन्म से पहले लगातार दर्द हो रहा था। परिवार वाले जैसे-तैसे अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां के चिकित्सकों ने लापरवाही की। पति का आरोप है कि डिलेवरी रूम में मौजूद चिकित्सकों ने प्रसूता को उचित उपचार न देकर कुर्सी पर बैठा दिया। करीब 30 मिनट तक वो कुर्सी पर बैठी रही। महिला को प्रसव लगातार पीड़ा और ब्लीडिंग होती रही। उचित देखभाल के अभाव में प्रसूता ने दम तोड़ दिया। ये मामला उस समय उजागार हुआ जब अस्पताल में पुलिस पहुंच गई, रेखा की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया।
जिम्मेदारों ने दी सफाई
परिवार वालों ने प्रसूता गृह में मौजूद चिकित्सकों के साथ झूमाझटकी और आरोप लगना शुरू कर दिए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया। इस मामले में मुख्य चिकित्सा एंव स्वास्थ्य अधिकारी यूपीएस कुशवाह ने मामले की जांच करने और उसके बाद कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं, दबंगों द्वारा एम्बुलेंस को वापस लौटाने पर भी उन्होंने बोला है - उनका कहना है कि गांव में खराब रास्ता होने के कारण जननी एक्सप्रेस लौट आई थी। उसके बाद उसका विकलांग पति लोडिंग वाहन से प्रसूता को अस्पताल लेकर पहुंचा था।












Click it and Unblock the Notifications