BJP कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर रिकॉर्ड मतों से होगी लहार विधानसभा में जीतः प्रभात झा
MP BJP News: भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने बुधवार को लहार के पटेल गार्डन में विधानसभा सम्मलेन को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए अब सभी कार्यकर्ताओं को कमर कसकर तैयार हो जाना है। लहार विधानसभा में पार्टी का विधायक बने, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना है।
विचारधारा के लिए काम करता है भाजपा कार्यकर्ता
प्रभात झा ने कहा कि हम सभी एक विचारधारा से जुड़े हुए हैं और भाजपा में कार्यकर्ता विचारधारा के लिए काम करता है। हमारी पार्टी के जब देश में केवल दो सांसद थे, हम तब नहीं घबराए, आज कार्यकर्ताओं की मेहनत से हमारे 303 सांसद हो गए हैं।

झा ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि लहार विधानसभा को प्रदेश का गौरव बनाना है। इसके लिए हम सभी संकल्प लें कि इस बार इस विधानसभा से भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाएंगे। प्रदेश में अपनी विधानसभा का नाम ऊंचा करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ता से अपील करते हुए कहा कि कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी संकल्प लें कि आगामी विधानसभा चुनाव तथा केन्द्र के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को जिताकर पुनः डबल इंजन वाली सरकार बनाएंगे।
कार्यकर्ताओं का संकल्प दिलाता है जीत
पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा ने कहा कि हमने पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया को चुरहट पहुंच कर कहा था कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है और कार्यकर्ताओं के बल पर वह चुनाव हार जाएंगे और वही हुआ। इसी तरह लोकसभा के छिंदवाड़ा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने संकल्प लिया था कि कमलनाथ को हराएंगे और भाजपा को जिताएंगे। अब हमें ऐसा ही संकल्प लहार विधानसभा जिताने के लिए लेना है।
राष्ट्रवाद हमारी संस्कृति है
झा ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में हम महज 9 सीट से पीछे रह गए और कमलनाथ की सरकार बनी। इसलिए हमें यह मानकर चुनाव लड़ना है कि एक-एक सीट का महत्व होता है। हमें पूरे ग्वालियर-चंबल अंचल में, हर बूथ पर कमल खिलाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए परस्पर विरोधी विचारधारा वाले विरोधी दल आज इकट्ठे हो रहे हैं। उनके पास ना तो कोई नीति है ना ही विकास का कोई विजन है। ये सिर्फ राष्ट्र और समाज को बांटने वाले लोग हैं।
झा ने कहा कि पहले भी कई बार ऐसे प्रयास हुए, कई गठबंधन बने और टूट गए। इस बार भी हमारे विरोधी सफल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि हम एक विचार के लिए काम करते हैं। राष्ट्रवाद हमारी संस्कृति है और इसी भाव से प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जुट जाए। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य श्री नाथू सिंह गुर्जर, राममिलन शर्मा, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष संतोष बौहोरे, संजीव नायक, जिला महामंत्री श्री कमल शर्मा, जिला मंत्री रश्मि खटीक सहित जिला पदाधिकारी मंच पर उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications