भिंड में ड्यूटी छोड़कर कलेक्टर के सामने शिक्षक कर रहा था नेतागिरी, कलेक्टर ने किया सस्पेंड
भिंड में स्कूल के समय ड्यूटी छोड़कर शिक्षक कर रहा था कलेक्टर के सामने नेतागिरी, कलेक्टर ने किया निलंबित
भिंड, 20 सितम्बर। भिंड में कलेक्टर के सामने एक शिक्षक अपनी ड्यूटी को छोड़कर नेतागिरी कर रहा था। अपनी ड्यूटी न करते हुए शिक्षक कलेक्टर के सामने दूसरे स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों की शिकायत कर रहा था। कलेक्टर को जब मालूम हुआ कि शिकायत करने वाला कोई नेता नहीं बल्कि एक शासकीय शिक्षक है तो कलेक्टर ने शिक्षक को निलंबित कर दिए।

इकहरा गांव में कलेक्टर को मिल गया शिक्षक
भिंड कलेक्टर डॉ.सतीश कुमार एस इकहरा गांव पहुंचे थे। यहां गांव में जब वे ग्रामीणों से चर्चा कर रहे थे तभी वहां पर विश्वनाथ सिंह नाम का शिक्षक पहुंच गया। विश्वनाथ सिंह खुमानपुरा गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ है और विश्वनाथ सिंह की पत्नी मदनपुरा ग्राम पंचायत की सरपंच है।

विश्वनाथ सिंह कलेक्टर के सामने करने लगा स्कूल के शिक्षकों की शिकायत
शिक्षक विश्वनाथ सिंह कलेक्टर डॉ.सतीश कुमार एस के सामने पहुंच गया। यहां विश्वनाथ सिंह ने कलेक्टर से कहा कि इस गांव की स्कूल के शिक्षक न तो समय पर स्कूल आते हैं और न ही बच्चों को ठीक ढंग से पढ़ाते हैं। विश्वनाथ सिंह लगातार कलेक्टर से स्कूल के शिक्षकों की शिकायत करता रहा जिस पर कलेक्टर ने उससे उसका पद पूछ लिया।

पहले खुद को बताया सरपंच पति फिर बताया शिक्षक
जब कलेक्टर ने विश्वनाथ सिंह से उसका परिचय पूछा तो विश्वनाथ ने खुद को मदनपुरा गांव की महिला सरपंच का पति बताते हुए रौब झाड़ने की कोशिश की लेकिन कलेक्टर ने विश्वनाथ से पूछ लिया कि यह तो उनकी पत्नी का काम है वे खुद क्या काम करते हैं। जिस पर विश्वनाथ ने बताया कि वह खुमानपुरा गांव के शासकीय स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। यह सुनते ही कलेक्टर हैरत में पड़ गए।

स्कूल के समय में ड्यूटी छोड़कर नेतागिरी करने की मिली सजा
भिंड कलेक्टर डॉ.सतीश कुमार एस को जैसे ही मालूम चला कि उनके सामने नेतागिरी कर रहा व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि शासकीय शिक्षक है और वह अपने ड्यूटी के समय नेतागिरी करता घूम रहा है तो कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से विश्वनाथ सिंह को निलंबित करने के आदेश जिला शिक्षा अधिकारी एसएस तोमर को दिए। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विश्वनाथ सिंह को तुरंत निलंबित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications