व्यापमं में फर्जीवाड़ा कर नौकरी पाने वाले आरक्षक को भोपाल एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
व्यापमं की परीक्षा में फर्जीवाड़ा करके पुलिस आरक्षक बने अजय गुर्जर को भोपाल एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
भिंड, 4 जून। व्यापमं की परीक्षा में फर्जीवाड़ा करके पुलिस की नौकरी हासिल करने वाले आरक्षक अजय गुर्जर को भोपाल एसटीएस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है और अपने साथ भोपाल ले गई है। एसटीएफ की टीम भिंड पहुंची और यहां उन्होंने आरक्षक अजय गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। अजय गुर्जर पर आरोप है कि उसने अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर व्यापमं की परीक्षा पास की थी।

साल 2012 में व्यापमं के जरिए पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में अजय गुर्जर ने सॉल्वर का सहयोग लिया था और सॉल्वर की मदद से ही अजय गुर्जर परीक्षा में पास हो गया था। जिसके बाद अजय गुर्जर की पुलिस में भर्ती हो गई थी। अजय गुर्जर दस साल से बड़े आराम से नौकरी कर रहा था।
अजय गुर्जर के गांव के ही शख्स ने की थी शिकायत
अजय गुर्जर शनिचरी घाटी गांव का रहने वाला है। अजय गुर्जर के गांव की ही श्याम सिंह गुर्जर ने अजय गुर्जर की शिकायत एसटीएफ से की थी। इसी शिकायत पर से जांच की गई और 30 मई को एसटीएफ ने मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद अजय गुर्जर की गिरफ्तारी भी कर ली गई।
अजय गुर्जर से हुए विवाद के बाद की गई शिकायत
जानकारी के अनुसार अजय गुर्जर का अपने ही गांव के श्याम सिंह गुर्जर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद श्याम सिंह गुर्जर ने अजय से रंजिश रख ली और उसने अजय की शिकायत भोपाल में कर दी थी। अजय गुर्जर को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि एसटीएफ ने उसके खिलाफ कब मामला दर्ज कर लिया। अजय गुर्जर को जब एसटीएफ ने पकड़ा तब उसे मालूम हुआ कि उसकी शिकायत हो चुकी है।
भिंड जिले के गोहद चौराहा थाने में पदस्थ था अजय गुर्जर
आरक्षक अजय गुर्जर इन दिनों भिंड जिले के गोहद चौराहा थाने में पदस्थ था। शुक्रवार को भी आरक्षक अजय गुर्जर अपनी ड्यूटी पर तैनात था तभी अचानक भोपाल एसटीएफ की टीम गोहद चौराहा थाने पहुंची और अजय गुर्जर को गिरफ्तार कर भोपाल के लिए रवाना होगी।
पुलिस विभाग में निकलकर आ रहे हैं बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े
पुलिस विभाग में नौकरी पाने के लिए तरह तरह के फर्जीवाड़े किए जा रहे हैं और यह मामले भी खुलकर सामने आ रहे हैं। कुछ रोज पहले दतिया में भी 5 पुलिसकर्मियों के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था। इन पुलिसकर्मियों ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र तैयार कर पुलिस की नौकरी हासिल कर ली थी। इस मामले में दतिया एसपी ने 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए सिटी कोतवाली में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी।












Click it and Unblock the Notifications