झाड़ फूंक कर इतना पैसा जुटा लिया था ओझा कि पुलिस को गिनने में लग गए घंटों
उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बरेली जनपद में झाड़ फूंक करने वाले एक तांत्रिक के पास से लाखों रुपए बरामद किए गए हैं। रुपए बरामद करने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले की सूचना पुलिस द्वारा आयकर विभाग को भी दी गई है।
वहीं लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि एक तांत्रिक महज झाड़ फूंक करते हुए इतने रुपए कहां से एकत्र कर लिया। पूरे इलाके में झाड़ फूंक करने वाले तांत्रिक के रुपए की ही चर्चा हो रही है। फिलहाल तांत्रिक बीमार है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

दरअसल, मूल रूप से सहारनपुर निवासी मियां सैयद अतर अली बरेली जनपद के बहेड़ी गुरसौली गांव में रईस नामक एक व्यक्ति के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता है। बताया जा रहा है कि उसके साथ उसकी दो सेवादार गुलसफा और कामिल भी रहती हैं।
पिछले दिनों तांत्रिक मियां सैयद अतर अली बीमार हो गया। तांत्रिक के बीमार होने के बाद उसकी सेवादार उसके कमरे में रखे रुपए और अन्य सामान लेकर भागने की तैयारी करने लगी। इसी दौरान इस बात की जानकारी मकान मालिक रईस को हो गई। जानकारी होने के बाद रुपए के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया।
तांत्रिक की सेवादारों और मकान मालिक के बीच कहासुनी होने के बाद स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए। उसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा फोन करके पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रुपए सहित सभी सामान को थाने पर लेकर चली आई।
इधर अस्पताल में भर्ती तांत्रिक को जब इस बात की जानकारी हुई तो वह रात में ही अस्पताल से निकला थाने पर पहुंच गया लेकिन पुलिस द्वारा उसे रुपए और उसके सामान नहीं दिए गए। इधर मकान मालिक और तांत्रिक के सेवादार को भी पुलिस ने पूछताछ करके छोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि 18 लाख 52000 रुपए मिले हैं। इन रूपयों के बारे में पुलिस अधिकारियों के साथ ही आयकर विभाग के अधिकारियों को भी जानकारी दे दी गई है। हालांकि कुछ लोगों द्वारा सवाल खड़ा किया जा रहा है कि और रुपए बरामद करने और गिनती करने के दौरान किसी सक्षम अधिकारी की मौजूदगी क्यों नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications