बरेली में युवक ने खुद ठोकी थी अपने हाथ और पैर में कील, सामने आई हैरान करने वाली वजह
बरेली, मई 28: यूपी के बरेली में एक युवक ने आरोप लगाया था कि मास्क न लगाने पर पुलिस ने उसके हाथ और पैर में कील ठोक दी। इस मामले में नया मोड़ सामने आया है। दरअसल, एसएसपी ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि युवक पुलिसकर्मी से मारपीट करके भागा था, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पुलिस पर हाथ-पैर में कील ठोकने का आरोप लगा रहा है। पुलिस के मुताबिक, युवक ने कुबूल किया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने यह काम खुद किया था। पुलिस ने उसके इस बयान का वीडियो बनाकर जारी किया है। इसके साथ उसके खिलाफ कार्रवाई करने की भी तैयारी कर रही है।

क्या है पूरा मामला ?
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में रहने वाली एक महिला बीते बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचकर आरोप लगाया है कि चौकी की पुलिस के तीन सिपाही उसके बेटे को मास्क नहीं लगा होने की वजह से उठा कर ले गए थे। वह चौकी पहुंची तो बताया गया कि उसके बेटे को कहीं भेजा गया है। काफी तलाशने के बाद उसका बेटा मरणासन हालत में मिला। उसके हाथ और पैरों में कील गड़ी हुई थीं। महिला का आरोप है कि जब इसकी जानकारी दोबारा चौकी पुलिस को दी गई तो वह उल्टा पीड़ित को ही जेल भेजने की बात कह रहे हैं।
युवक ने कुबूल किया खुद ठोकी थी कील
पुलिस ने गुरुवार को जांच की तो पता चला कि सिपाही से मारपीट के बाद रंजीत जोगीनवादा में ही मैसर के जरी कारखाने पर पहुंचा था, जहां उसने खुद ही एक व्यक्ति से अपने हाथ और पैर में कील ठुकवाई थी। उन लोगों ने इसके फोटो खींच लिए और पुलिस को दे दिए। पुलिस ने यह फोटो रंजीत को दिखाए तो उसने कुबूल कर लिया कि अपने हाथ-पैर में कीलें खुद उसने ठुकवाई थीं। एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि रंजीत ने पुलिस पर जो आरोप लगाए थे, वे झूठे पाए गए हैं। रंजीत ने खुद ही कील ठोकने की बात स्वीकार कर ली है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications