ब्लेड मारते हुए लड़की लड़के से बोली- तुम्हें चेहरे पर घमंड है, लो अब कोई शादी नहीं करेगी..
बरेली. उत्तर प्रदेश में बरेली स्थित हाफिजगंज पुलिस सर्कल के अंतर्गत आने वाले एक इंटर कॉलेज की छात्रा ने अपने साथ पढ़ने वाले एक लड़के के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। उसने लड़के से कहा- ''तुम्हें चेहरे पर घमंड है, अब कोई तुमसे शादी नहीं करेगी।'' दरअसल, लड़की उस लड़के को चाहती थी। वहीं, लड़का उसके साथ कोई भी रिश्ता नहीं रखना चाहता था। इससे वह खफा हो गई और उसके चेहरे पर ब्लेड मार उसे लहूलुहान कर दिया।

जब लड़के के चेहरे से खून बहने लगा तो उसे देख वह लड़की भी सड़क पर बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह लड़की गुरुवार को कॉलेज जाने वाली सड़क पर उक्त लड़के से मिली थी और वहीं उसके चेहरे पर ब्लेड से कई बार हमला किया। यह मामला संभवत: ठुकराए हुए प्यार का था।

बताया जाता है कि, लड़की ने कई मौकों पर उस लड़के से शादी करने के लिए भी कहा, लेकिन उसने इस प्रपोजल को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि वह आगे पढ़ना चाहता है और अपना एक करियर बनाना चाहता है। मगर, यह झटका वो लड़की नहीं सह पाई। उसने लड़के पर हमला कर दिया।
घायल लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, उसके कॉलेज के प्रधानाध्यापक ने कहा है कि उक्त घटना कॉलेज के बाहर हुई है, इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। इस मामले में अभी पुलिस से भी शिकायत नहीं हुई है। लड़का-लड़की दोनों नाबालिग हैं।












Click it and Unblock the Notifications