गाजियाबाद के अस्पताल से भागा COVID-19 पॉजिटिव मरीज, इलाज के दौरान बरेली में हुई मौत
बरेली। गाजियाबाद जिले के अस्पताल से भागकर एक कोरोना वायरस संक्रमित मरीज बदायूं पहुंच गया। हालत बिगड़ने पर उसे बरेली के एसआरएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बता दें कि पुलिस ने मंगलवार को कोरोना संक्रमित युवक के खिलाफ एफआईआर भी पुलिस ने दर्ज की थी। साथ ही उसको लाने वाले वाहन चालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। वाहन चालक परिवार समेत होम क्वांरटाइन है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि मरीज मूलरूप से हरदोई जिले में पचदियोरा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव का रहने वाला थाय़ वह पिछले काफी से अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर दर्जी का काम करता था। बीते 26 मई को वह गाजियाबाद जिले के आंबेडकर अस्पताल में भर्ती हुआ था। उसे सर्दी, खांसी और बुखार था। इससे उसका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया। 28 मई को वह कोरोना पॉजिटिव निकला। इधर, चार जून को उसका दोबारा सैंपल लिया गया। उसी दिन कोरोना पॉजिटिव अस्पताल से भाग कर बदायूं के म्याऊं में अपनी बहन के यहां आकर रहने लगा।
मामला तब खुला जब सोमवार दोपहर बाद गाजियाबाद जिले के चिकित्सकों ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। बदायूं जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे बरेली के राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां मंगलवार रात करीब 9 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मरीज के दिल्ली से बदायूं भाग कर आने पर उसके खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई थी।
इस बीच गाजियाबाद के अधिकारियों ने दिल्ली से जिले में प्रवेश करने वालों की जांच बढ़ा दी है ताकि कोरोना वायरस के प्रसार पर काबू पाया जा सके। वहीं, एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि कोरोना वायरस की स्थिति सामान्य होने तक जांच जारी रहेगी। एसएसपी ने कहा कि कुछ लोग पैदल या दुपहिया वाहनों से जिले के लोनी क्षेत्र में छिपकर प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'प्रशासन ऐसे लोगों से सख्ती से पेश आ रहा है।' उन्होंने बताया कि मंगलवार को 1,640 वाहनों का चालान किया गया, 20 वाहनों को जब्त किया गया जबकि 2.88 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।












Click it and Unblock the Notifications