बीजेपी विधायक की बेटी ने दलित युवक से की शादी, वीडियो वायरल कर पिता से बताया जान का खतरा
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी ने अपनी जान को अपने पिता से खतरा बताया है। बता दें कि विधायक की बेटी साक्षी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साक्षी ये कहती नजर आ रही हैं कि मैंने अपनी मर्जी से शादी कर ली है। मेरे पापा इस शादी के खिलाफ थे। मेरे और मेरे पति की जान को मेरे पापा से खतरा है। अगर हम उनके हाथ आ गए तो वो हमें जान से मार देंगे।

क्या है मामला
बिथरी चैनपुर सीट के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी ने एक दलित से प्यार किया और शादी कर ली। अब जान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। साक्षी का आरोप है कि उसके पिता राजेश मिश्रा से ही उसको और उसके पति को जान का खतरा है। साक्षी ने 4 जुलाई को प्रयागराज के एक मंदिर में अजितेश कुमार के साथ हिंदू रीति रिवाज से शादी की थी। शादी के बाद से ही विधायक की बेटी व अजितेश घर से गायब हैं। अजितेश फरीदपुर विधायक का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

पिता की मर्जी के खिलाफ की शादी
दरअसल विधायक की बेटी ने पिता की मर्जी के खिलाफ एक दलित परिवार के लड़के से शादी की है। जिसके बाद नाराज पिता ने अपने आदमियों को इनके पीछे लगा दिया है। ऐसा वीडियो में उनकी बेटी का कहना है। बता दें कि वीडियो में दोनों पति पत्नी बरेली पुलिस से गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस हमारी रक्षा करे नहीं तो हमें मार दिया जाएगा।

क्या कहा साक्षी के पति अजितेश ने
साक्षी के पति अजितेश का कहना है कि वो लोग पूरी तरह से हमारी जान लेने पर तुले हुए हैं, हम बस इतना चाहते हैं कि हमारी जान बच जाए। बाकि विधायक जी को बरेली की जनता अच्छी तरह से जानती ही है। हालांकि, इस प्रकरण में पुलिस अधिकारियों ने अभी चुप्पी साध रखी है।












Click it and Unblock the Notifications