नाले की खुदाई के दौरान मिला हैंड ग्रेनेड, जांच में जुटी बरेली पुलिस
बरेली, 06 अप्रैल: गोरखपुर की घटना के बाद एसटीएफ और तमाम सुरक्षा एजेंसिया उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट मोड़ पर है। इस बीच बरेली जिले में नाले की खुदाई के दौरान हैंड ग्रेनेड मिला है। हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद हड़कंप मच गया और सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और बम स्क्वायड भी मौके पर पहुंच गई।

इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने मौके की नजाकत को देखते हुए वहां भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी। साथ ही वहां के ट्रैफिक को भी रोक दिया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच में जुट गई। आपको बता दें कि हैंडग्रेनेड बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के कारगेना इलाके में मिला है। शहर के पॉश इलाके में शुमार इस इलाके में बदायूं रोड हाईवे पर करगैना चौकी के पास नाले की खुदाई का काम चल रहा था।
इसी दौरान जेसीबी चलाते समय हैंड ग्रेनेड बाहर आ गया। एक मजदूर की नज़र हैंड ग्रेनेड पर पड़ी। इसके बाद वहां काम रोक दिया गया। मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए थोड़ी देर में ही मौके पर जिले के तमाम बड़े अधिकारी पहुंच गए। एहतियातन आसपास के ट्रैफिक को भी रोक दिया गया। पुलिस ने बम स्क्वायड को भी मौके पर बुला लिया।
एसएसपी रोहित सिंह साजवान ने मामले की जांच का आदेश दिया है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल ने घेराबंदी कर दी है ताकि हैंड ग्रेनेड मिलने की जगह पर कोई न पहुंच पाए। हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना पर पुलिस के साथ ही खुफिया विभाग भी जांच में जुट गया है। पता लगाने की कोशिश हो रही है कि आखिर हाईवे के किनारे हैंड ग्रेनेड कैसे पहुंचा। इसके पीछे कहीं कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications