बरेली में शाह के निशाने पर सपा, बोले- अखिलेश वोट मांग रहे हैं, उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला है
बरेली, 11 फरवरी: केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने बरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से माफियाओं को चुन-चुन कर साफ करने का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। ये जो परिवर्तन आया है वो सपा, बसपा नहीं ला सकते हैं। शाह ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी यूपी और रोहिलखंड से माफियाओं का खात्मा किया है। एक समय था जब यूपी पुलिस माफियाओं को देखकर भाग जाती थी। अब पुलिस का सायरन सुनकर माफिया भाग जाते हैं।
Recommended Video

अखिलेश वोट मांग रहे हैं, उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला : अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीन बड़े नाम थे- उनमें से एक थे आजम खान। बताओ आज वह कहां है? दूसरे नंबर पर थे अतीक अहमद। जहां वह अब हैं? तीसरे थे मुख्तार अंसारी। वह आज कहां है? लेकिन अगर सपा सत्ता में आई तो क्या ये तीनों जेल में ही रहेंगे? अकेले बीजेपी ही माफिया को सलाखों के पीछे डालती है। ऐसा कोई और नहीं कर सकता। शाह ने कहा कि अखिलेश वोट मांग रहे हैं, उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला। शाह ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। हम धारा 370 हटाना चाहते थे और सपा, बसपा, कांग्रेस विरोध करती थी। जब मैं धारा 370 हटाने का बिल लेकर गया तो ये अखिलेश बाबू कहते थे कि खून की नदियां बहेंगी। अरे! अखिलेश बाबू खून की नदियां तो छोड़ो किसी की कंकड़ मारने की हिम्मत भी नहीं हुई।
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी जात-पात देखे बिना हर एक व्यक्ति का विकास करती है। नरेंद्र मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ गरीबों के लिए ढेर सारी योजनाएं भेजीं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन योजनाओं को आप तक पहुचांने का काम किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हर गरीब को 5 लाख तक का इलाज मुफ्त कराने के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना कार्ड बनाया, जिससे हर गरीब परिवार अपना इलाज करवा सकता है। शाह ने अखिलेश यादव से पूछा कि नाम तो समाजवादी पार्टी रखा है, लेकिन आपके शासन में गरीबों को ये सुविधा क्यों नहीं मिली थी?
शाह ने किया दावा - उत्तर प्रदेश हुआ अपराध मुक्त
शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश के सभी किसानों को मुफ्त में बिजली दी जाएगी। गरीब बच्चियां जो 12वीं से आगे पढ़ेंगी उन्हें स्कूटी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में डकैती में 71% की कमी, बलात्कार में 50% की कमी, लूट में 62% की कमी, हत्या में 31% की कमी, अपहरण में 29% की कटौती करने का काम योगी आदित्यनाथ की सरकार ने किया है। अखिलेश यादव कह रहे थे कि अपराध कहां घटा है। अखिलेश जी आप 2017 से पहले के ज़माने में जी रहे हैं क्या। उत्तर प्रदेश आज अपराध मुक्त हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications