बाराबंकी: 6 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, एक आंख भी निकाली
बाराबंकी, मई 31: यूपी की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले से बच्ची की हत्या का दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने बच्ची की हत्या के बाद उसकी एक आंख भी निकाल ली। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले दबंग पर बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह 3 बजे सूचना मिली कि थाना सफदरजंग के एक गांव में तालाब किनारे एक बच्ची का शव मिला है। बच्ची की उम्र 6 वर्ष बताई जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पड़ोस में रहने वाले दबंग पर आरोप
मामला सफदरजंग थाना क्षेत्र के एक गांव का है। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी रात में अपनी मां के साथ सोई हुई थी। इसी दौरान पड़ोस का ही अजय कुमार पुत्र पूर्णमासी उसे उठा ले गया। इसके बाद रेप कर उसकी हत्या कर दी। सुबह घर से 500 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब के किनारे बच्ची का शव मिला। उसकी आंख फोड़ी गई थी और गाला दबाया गया था। मृतका के पिता ने कहा कि अजय कुमार दबंग और अपराधी छवि का है। मोहल्ले के लोग उससे खौफ खाते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनकी जमीन का भी विवाद हुआ था, लेकिन डर की वजह से उन्होंने वह जमीन उसे दे दी। पिता ने आरोपी को फांसी दिए जाने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
इस मामले में एएसपी साउथ मनोज पांडेय ने बताया कि सोमवार सुबह 3 बजे सूचना मिली कि थाना सफदरजंग के एक गांव में तालाब किनारे एक बच्ची का शव मिला है। मृतका की उम्र 6 वर्ष बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications