Triple Talaq: स्कूल में बच्चों को पढ़ा रही थी टीचर, सऊदी से आया पति और बोला- तलाक तलाक तलाक!
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हैरान कर देने वाला तीन तलाक का मामला सामने आया है। यहां एक निजी विद्यालय में पढ़ाने वाली महिला शिक्षक तमन्ना को उसके पति ने स्कूल पहुंचकर तीन तलाक दे दिया। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पति सऊदी अरब में रह रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
3 साल पहले हुआ था निकाह
बता दें कि पीड़ित महिला तमन्ना बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र के बेगमगंज मुहल्ले कि रहने वाली है। तमन्ना का निकाह 3 साल पहले 1 सितंबर 2020 को फिरोजाबाद जिले के रहने वाले मोहम्मद शकील से हुआ था। आरोप है कि निकाह के एक महीने बाद से ही पति, सास सहित अन्य लोग उसके साथ मारपीट करते हुए दहेज की मांग करते थे।

दहेज़ के लिए करते थे प्रताड़ित
पीड़ित महिला तमन्ना का आरोप है कि शुरुवात में तो ससुराली उसे दहेज न लाने पर घर से भगाने की सिर्फ धमकी देते थे। फिर एक दिन दहेज़ की वजह से ससुराल वालों ने उसे योजनाबद्ध तरीके से मायके भेज दिया और बिना बताए पति सऊदी अरब चला गया। जिसके बाद महिला अपने मायके बाराबंकी में रहकर एक निजी विद्यालय में पढ़ाने लगी।
3 साल बाद सऊदी से वापस आया पति
उधर, बीती 28 जून को तमन्ना का पति सऊदी से वापस आया और 10 जुलाई को तमन्ना के घर बाराबंकी पहुंचा। उसने तमन्ना को गुस्से में घर चलने को कहा। इसपर तमन्ना ने प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका की नौकरी का हवाला देकर तुरंत साथ चलने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि उस दौरान पति 6 दिन तक तमन्ना के घर रुका, इसके बाद वह अपने घर चला गया।

स्कूल में बच्चों के सामने दे दिया तीन तलाक
इसके बाद वो एक बार फिर 24 अगस्त को घर आया। उस समय वह स्कूल गई हुई थी, तो वह स्कूल पहुंच गया। जहां पहुंच कर पति ने उसकी क्लास में बच्चों के सामने ही तीन तलाक दे दिया। महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications