शादी के 24 घंटे के अंदर पति ने दिया तीन तलाक, पत्नी ने रोते हुए बताई ये वजह
बाराबंकी। यूपी के बाराबंकी में एक युवक ने शादी के महज 24 घंटे के अंदर ही अपनी पत्नी को ट्रिपल तलाक दे दिया। घरवाले चौथी की रस्म करने की तैयारी कर रहे थे कि अचानक तलाक की खबर सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटी की दुनिया बसने से पहले ही उजड़ गई। वहीं, लड़के वालों की इस हरकत से नाराज पिता ने लड़के के खिलाफ थाने में मामले की तहरीर दे दी।

क्या है पूरा मामला
मामला फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र का है। युवती का निकाह जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में शाहे आलम के साथ 13 जुलाई को हुआ था। शादी के बाद बेटी की हंसी-खुशी से विदाई भी हो गई थी। 14 जुलाई को लड़की की चौथी ले जाने की तैयारी हो रही थी तभी ससुराल से फोन आया कि युवती की तबीयत खराब है। लड़की के घरवाले जब उसके ससुराल पहुंचे तो वह उन्हें देखते ही रोने लगी और बताया कि दहेज में मोटर साइकिल की मांग को लेकर पति और उसके घरवाले नाराज हैं और परेशान कर रहे हैं।

सबके सामने तीन बार कहा तलाक
लड़की के पिता ने बताया कि उसने दामाद शाहे आलम और उसके परिवारीजनों को काफी समझाया, लेकिन किसी ने एक न सुनी और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी बीच गुस्से में आकर शाहे आलम ने सबके सामने बेटी को तीन बार तलाक, तलाक, तलाक कहकर घर से निकल जाने को कह दिया। शादी के महज 24 घंटे के अंदर ही तलाक हो जाने पर परिवार पर मानों बिजली गिर गई। तलाक के बाद युवतीका रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, घटना से आहत पिता ने थाने में लड़के के खिलाफ तहरीर दे दी।

केस दर्ज, जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में फतेहपुर के सीओ अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर तलाक का मामला सामने आया है। लड़की के ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच कर जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications