AI वीडियो के जरिए ट्रंप होटल स्कैम: कर्नाटक में 200 से ज्यादा लोग ठगे गए, फर्जी ऐप पर दिखाए गए झूठे मुनाफे
कर्नाटक के कई शहरों में एक नया साइबर फ्रॉड सामने आया है, जिसमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का AI-जेनरेटेड वीडियो इस्तेमाल करके लोगों को निवेश के नाम पर ठगा गया है। पुलिस के मुताबिक, इस घोटाले में अब तक 200 से अधिक लोग शिकार बन चुके हैं।
बेंगलुरु, तुमकुरु, मंगलुरु और हावेरी जैसे शहरों में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। अकेले हावेरी जिले में 15 से ज्यादा लोगों ने ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है।

फ्रॉड के तरीके में साइबर अपराधी एक वीडियो के जरिए ट्रंप को ट्रंप होटल रेंटल इन्वेस्टमेंट को प्रमोट करते दिखाते हैं। इसके बाद लोगों को वर्क फ्रॉम होम और इन्वेस्टमेंट के नाम पर अधिक रिटर्न का लालच दिया जाता है।
पीड़ितों से पहले ₹1500 रुपये का पेमेंट लेकर फर्जी ऐप पर अकाउंट सेटअप कराया जाता है और फिर उन्हें 'कंपनी प्रोफाइल लिखने' जैसे टास्क दिए जाते हैं। हर टास्क पूरा करने पर ऐप में उनकी "कमाई" बढ़ती हुई दिखती है, लेकिन यह सारा पैसा फर्जी होता है।
हावेरी की साइबर क्राइम इकाई (CEN) ने एक शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के लुभावने ऑफर से सावधान रहें और किसी भी इन्वेस्टमेंट से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें।












Click it and Unblock the Notifications