आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 करोड़ के नए नोट बरामद
आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 करोड़ रुपये के नए नोट बरामद किए हैं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में इतनी बड़ी संख्या में नई करेंसी बरामद की गई।
बेंगलुरू। नोटबंदी के बीच के आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बेंगलुरु में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में आयकर विभाग की टीम ने 4 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। इनमें ज्यादातर नई करेंसी नोट हैं।

आयकर विभाग के सर्च ऑपरेशन में बरामद हुई नई करेंसी
आयकर विभाग की टीम ने बेंगलुरु में दो लोगों के यहां छापेमारी की। इस कार्रवाई में चार करोड़ की नगदी बरामद की। इसमें अधिकतर नए नोट बरामद हुए हैं।
बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई दो नौकरशाहों के घरों में की गई है। फिलहाल आयकर विभाग इस बात की पड़ताल कर रहा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में नए नोट इन दो व्यक्तियों के पास कैसे पहुंचे।
अधिकारियों ने छापेमारी और नोटों के बरामद होने की पुष्टि की है। साथ ही कहा है कि जांच अभी चल रही है। छापेमारी की कार्रवाई में आयकर विभाग की टीम ने नगदी के साथ-साथ पांच किलोग्राम के जेवर और एक लेम्बोर्गिनी कार बरामद की है।
मामले की जांच में जुटा आयकर विभाग
बता दें कि आयकर विभाग के अधिकारी पिछले कई दिनों से बेंगलुरु के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रहे थे। बुधवार को आयकर विभाग ने कई अधिकारियों के घरों पर छापेमारी की।
इनमें से एक अधिकारी मुख्यमंत्री के करीबी बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिसमें और खुलासे की संभावना है।
बता दें कि 8 नवंबर को मोदी सरकार ने नोटबंदी का ऐलान किया था। उसके बाद से आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की टीम लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications