Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कैसे हुई IPL की इंट्री?

Karnataka Ex CM Siddaramaiah: पूर्व सीएम सिद्धरमैया ने आईपीएल में आरसीबी की जीत को कर्नाटक की अस्मिता से जोड़ कर स्थानीय जनभावना को जगाने की कोशिश की है।

Karnataka Assembly Election 2023

आईपीएल की धूम अब कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भी गूंजने लगी है। कांग्रेस क्रिकेट के पिच पर अपनी चुनावी राजनीति को जमाने की कोशिश कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के शीर्ष नेता सिद्धारमैया ने रॉयल चैलैंजर्स बैंगलोर को अपनी टीम बता कर दिल छूने वाला ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है, 'क्रिकेट मेरा प्रिय खेल है। मुझे आरसीबी टीम पर गर्व है। आरसीबी को मेरे जैसे करोड़ों प्रशंसकों की शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि हमारी टीम निश्चित रूप से कप उठाएगी। कर्नाटक का निवासी होने के कारण मेरा समर्थन हमेशा आरसीबी के साथ है।' सिद्धरमैया ने यह ट्वीट तब किया जब आरसीबी ने मुम्बई इंडियंस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।

चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूद थे सिद्धारमैया
रविवार को जब चिन्नास्वामी स्टेडियम में बैंगलोर और मुम्बई इंडियंस के बीच आइपीएल का मैच खेला जा रहा था तब सिद्धरमैया वीआइपी बॉक्स में बैठ कर मैच का लुत्फ उठा रहे थे। वे तब तक स्टेडियम में जमे रहे जब तक कि मैच खत्म नहीं हो गया। सिद्धरमैया अकेले नहीं थे बल्कि दो अन्य नेता भी उनके साथ मैच देख रहे थे। उनके साथ विधान परिषद के सभापति बसवराज होरात्ती और कांग्रेस नेता बसवराज रायरेड्डी भी आरसीबी का हौसला बढ़ा रहे थे।

सिद्धरमैया के इस ट्वीट की क्रिकेट प्रेमियों और आरसीबी के प्रसंशकों ने दिल खोल कर तारीफ की है। ऐसा कर के सिद्धारमैया ने क्रिकेट प्रेमी नौजवानों के दिलों में जगह बना ली है। सिद्धरमैया ने आरसीबी की जीत को कर्नाटक की अस्मिता से जोड़ कर स्थानीय जनभावना को जगाने की कोशिश की है। भावना की यह लहर क्रिकेट के मैदान से निकल कर चुनाव मैदान तक पहुंच सकती है।

2023 के चुनाव में IPL की इंट्री
कांग्रेस 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम से उतरी है। वह सत्ता में वापसी के लिए हर मोर्चे पर तैयारी कर रही। सिद्धारमैया लोगों से जुड़ने के लिए आइपीएल को जरिया बना रहे हैं। 2016 में जब सिद्धारमैया कर्नाटक के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने एक खेल समारोह में कहा था, मैं एक खेल प्रेमी हूं और नियमित रूप से क्रिकेट मैच देखता हूं। क्रिकेट को लेकर वे अक्सर प्रतिक्रिया व्यक्त करते रहे हैं। 2022 में भारत ने अंडर-19 का क्रिकेट विश्वकप जीता था तब सिद्धारमैया ने ट्वीट किया था, पूरी विश्वकप प्रतियोगिता में अनुकरणीय प्रदर्शन करने और चैंपियन के रूप में उभरने के लिए अंडर-19 भारतीय टीम को बधाई।

भाजपा का क्रिकेट टूर्नामेंट, कांग्रेस का क्रिकेट टूर्नामेंट
गदग कर्नाटक का एक शहर है और जिला मुख्यालय भी। इस राज्य में क्रिकेट के जरिये कैसे राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है, गदग शहर इसका उदाहरण है। भाजपा और कांग्रेस ने वोटरों को रिझाने के लिए इस शहर में दो अलग-अलग क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की थीं। ये प्रतियोगिता आइपीएल के तर्ज पर खेली गयी।

भाजपा नेता अनिल चिल्ली ने गदग जिला स्टेडियम में क्रिकेट लीग का आयोजन किया। जब कि कांग्रेस नेता एचके पाटिल ने वीडीएसटी ग्राउंड में ऐसे ही एक क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया। करीब दो महीने तक क्रिकेट के मैच चले जिसका एक ही मकसद था कि कैसे गदग के युवा वोटरों को आकर्षित किया जाए। भाजपा के आयोजन में करीब 130 स्थानीय टीमें शामिल हुईं जब कि कांग्रेस की प्रतियोगिता में करीब 170 टीमों ने शिरकत की। यानी कर्नाटक में राजनीति की राह क्रिकेट के मैदान से होकर गुजरती है। क्रिकेट को कैश करने में कोई दल पीछे नहीं रहना चाहता।

कुंबले और द्रविड़ को मिला था टिकट का प्रस्ताव
भारत में क्रिकेट खिलाड़ियों की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। अनिल कुंबले भारत के महान गेंदबाज हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में भारत की तरफ से सबसे अधिक 619 विकेट लिये हैं। जब कि राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर के बाद भारत के दूसरे सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में 36 शतक लगाये हैं और 13 हजार से अधिक रन बनाये हैं। ये दोनों क्रिकेटर कर्नाटक के रहने वाले हैं, जिनकी पूरे देश में प्रतिष्ठा है।

2018 के चुनाव में भाजपा ने इनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया दिया था। खबरों के मुताबिक इनमें से एक को विधानसभा का टिकट और दूसरे को केन्द्र में मंत्री बनाने और राज्यसभा में भेजने का प्रस्ताव दिया गया था। भाजपा इन दो दिग्गज क्रिकेटरों के जरिये कर्नाटक की राजनीति साधना चाहती थी। लेकिन कुंबले और द्रविड़ ने इस प्रस्ताव को विनम्रतापूर्वक ठुकरा दिया था। अब कांग्रेस के सिद्धरमैया ने 2023 के चुनावी अभियान में IPL को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में शामिल कर लिया है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+