Karnataka Election Result के बाद 'मुख्यमंत्री कौन'? कांग्रेस विधायक दल की पहली बैठक में ही हो सकता है ऐलान
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके है। कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत भी मिल चुका है। इस बीच बड़ी खबर AICC in-charge रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दी कि रविवार शाम को विधायक दल की पहली बैठक होगी।

Karnataka Election Result: कांग्रेस की जीत कर्नाटक में हुई, लेकिन जश्न देश-भर में हैं। अब बेसब्री 'मुख्यमंत्री' के नाम के ऐलान की है। संभावना जताई जा रही है कि रविवार शाम को बुलाई गई विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
कांग्रेस की शानदार जीत, जिसके लिए सोनिया-राहुल-प्रियंका ही नहीं, बल्कि बीजेपी के अन्य विरोधी भी बेकरार थे। 13 मई आयी तो कर्नाटक से बीजेपी चली गई। नतीजों से खुश कांग्रेस में अब 'मुख्यमंत्री' के नाम पर सस्पेंस है। छुट्टी के दिन रविवार को पार्टी ने विधायक दल की बैठक बुलाई है।
रविवार शाम ठीक साढ़े पांच बजे बुलाई गई इस बैठक में सेन्ट्रल-स्टेट कांग्रेस कमेटी के दिग्गज समेत विधायक दल के सभी सदस्य शामिल होंगे। कयास लगाये जा रहे है कि पहली ही बैठक में यह सस्पेंस ख़त्म कर दिया जाएगा कि कर्नाटक की कुर्सी पर कांग्रेस से कौन होगा?
कर्नाटक में कांग्रेस से अगले मुख्यमंत्री के रूप में सिद्दारमैया या स्टेट प्रेसिडेंट डीके शिवकुमार या फिर कोई सरप्राइज रहेगा? इस पर बैठक में चर्चा हो सकती है। सब कुछ ठीक रहा है और सहमती बनी तो कांग्रेस बीजेपी को भी यह बोलने का मौका नहीं देगी कि सीएम बनने खींचतान मची है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी इंचार्ज रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी बैठक की जानकारी सार्वजनिक कर दी है। हालांकि नतीजों के बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान आया था कि 'चीफ मिनिस्टर' के नाम का फैसला हाईकमान करेगा।

जब मीडिया ने उनसे सवाल किया कि बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष हाईकमान आप हो तो फिर फैसला कौन लेगा? इस पर खड़गे ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नाम का जिक्र करते हुए सामूहिक निर्णय की बात की थी। जिस तरह के परिणाम सामने आए है, इससे उम्मीद है कि कांग्रेस नाम का ऐलान में करने में ज्यादा वक्त जाया नहीं करेगी।
वहीं विधायक दल की पहली बैठक में यह संदेश देने की कोशिश की जायेगी कि जिस मोहब्बत की दुकान के सहारे कर्नाटक में फतह हासिल हुई, उसे पार्टी के अंदर भी बरकरार रखा जाए। 'मुख्यमंत्री' कोई भी बने लेकिन बिना किसी मनमुटाव के एक होकर पूरे पांच साल का सफर तय किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications