यूपी पंचायत चुनाव: बलिया में ग्राम विकास अधिकारी सस्पेंड, जानिए क्यों हुई कार्रवाई?
बलिया, अप्रैल 25: उत्तर प्रदेश के बलिया में एक ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि अधिकारी ने चुनाव में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर ग्राम प्रधान के उम्मीदवार अपने भाई का चुनाव प्रचार किया। एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी गई कि जिला विकास अधिकारी राजित राम मिश्रा ने जिले के बेरूआरबारी विकास खण्ड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी गिरीश कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला ?
जिला विकास अधिकारी ने रविवार को कहा कि यह आचार संहिता का उल्लंघन और कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत कार्य है और इस मामले में विभागीय जांच के लिए खंड विकास अधिकारी सोहांव को जांच अधिकारी नामित किया गया है। यहां जारी सरकारी बयान के अनुसार, ग्राम विकास अधिकारी गिरीश कुमार पांडेय जिले के बांसडीह ब्लॉक के पिंडहरा गांव के रहने वाले हैं और उनके भाई नीतीश पांडेय वहां ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवार हैं। इस मामले में ग्रामीणों ने निर्वाचन आयोग को ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया था, जिसे गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी राजित राम मिश्रा ने विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी है।
कल होगा तीसरे चरण का मतदान
बता दें, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान कल होगा, जिसमें 20 जिलों की करीब 2.14 लाख सीटों पर 3.52 लाख से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। इस दौरान राज्य के 20 जिलों में 49,789 मतदान केंद्रों पर 3,05,71,613 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। तीसरे चरण में अमेठी, उन्नाव, औरैया, कानपुर देहात, कासगंज, चंदौली, जालौन, देवरिया, पीलीभीत, फतेहपुर, फिरोजाबाद, बलरामपुर, बलिया, बाराबंकी, मेरठ, मुरादाबाद, मिर्जापुर, शामली, सिद्धार्थनगर तथा हमीरपुर में मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications