Ballia News: कुत्ते के लिए लोगों ने महिला को पीट-पीट कर मार डाला, गांव में फोर्स तैनात
कुत्ता काटने को लेकर बलिया में मंगलवार को सायं काल दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। दोनों पक्षों के बीच के तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात है।

Ballia जिले में मंगलवार को देर शाम कुत्ता काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है वहीं दोनों पक्षों के बीच के तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है जांच पड़ताल की जा रही है।

कई लोगों को घायल कर चुका है कुत्ता
दरअसल, बलिया जिले के बैरिया थाना अंतर्गत केहरपुर गांव का रहने वाला एक व्यक्ति अपने घर पर कुत्ता पाला हुआ है। वह व्यक्ति अपने कुत्ते को अक्सर सड़क पर छोड़ देता है, जिससे वहां से आने जाने वाले लोगों को कुत्ता दौड़ा कर काट लेता है। बताया जा रहा है कि अबतक कुत्ता कई लोगों को काट चुका है। मंगलवार को सायं काल गांव की रहने वाली 55 वर्षीय लालमनी देवी पत्नी दीनदयाल बिंद अपने घर वापस लौट रही थी, इसी दौरान वह कुत्ता उनके ऊपर हमला कर दिया। कुत्ते द्वारा हमला किए जाने के दौरान आसपास के लोग जब लाठी डंडा लेकर कुत्ते को मारे पीटे तब वह पीछे हटा। इस दौरान लालमनी देवी काफी डर गई थी।

शिकायत करने पर हो गई कहासुनी
कुत्ते द्वारा हमला किए जाने के बाद महिला लालमनी देवी शिकायत लेकर कुत्ता पालने वाले व्यक्ति के घर पहुंची। इस दौरान कुत्ता मालिक के घर के लोगों और महिला के बीच कहासुनी होने लगी। बताया जा रहा है कि इसी बीच लालमनी देवी के घर के भी कुछ लोग पहुंच गए और फिर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पहले दोनों पक्षों में देर तक कहासुनी चलती रही, इसी बीच एक युवक ईंट उठाकर महिला के सिर पर हमला कर दिया। सिर पर ईंट लगने के चलते महिला लालमनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के घायल होने के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। महिला के सिर से तेजी से रक्तस्राव होने लगा।

सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने कर दिया रेफर
देखते ही देखते महिला की हालत बिगड़ने लगी तो उसके परिवार के लोगों ने तत्काल 108 नंबर डायल कर सरकारी एंबुलेंस बुलाई। सरकारी एंबुलेंस से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा भेजा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में पहुंचने के बाद उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसर गया। वही सूचना मिलने के बाद बैरिया थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल रुप से कार्यवाही करते हुए शिवसागर बिंद और आजाद बिंद को गिरफ्तार कर ली। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत हो गई है। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना को अंजाम देने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह भी बताया गया कि गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications