Ballia News : तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम ने दांव पर लगाई बकरी, कई कुत्तों को डकारने के बाद भी पकड़ से बाहर
बलिया जिले में बीते एक सप्ताह से तेंदुए को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले दिनों तेंदुए ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया था और कई कुत्तों को भी निशाना बना चुका है।

Ballia जिले के चिलकहर ब्लॉक के अंतर्गत कुछ गांव में बीते एक सप्ताह से तेंदुए ने आतंक मचा रखा है। आलम यह है कि ग्रामीण शाम होते ही अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं और खेती किसानी भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों तेंदुआ एक ग्रामीण के ऊपर हमला कर दिया था, इसके अलावा अब तक कई कुत्तों को निवाला बना चुका है। फिलहाल तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें लगाई गई हैं लेकिन अभी भी तेंदुआ पकड़ से बाहर है। बुधवार को तेंदुआ पकड़ने के लिए पीलीभीत से टीम पहुंची लेकिन वह भी तेंदुए को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी। इसके पूर्व पिंजरे में बकरी को रखकर तेंदुआ पकड़ने का प्रयास किया गया था लेकिन तेंदुआ नहीं आया।

वन विभाग की टीम द्वारा की गई तेंदुए की पुष्टि
दरअसल, बलिया जिले के चिलकहर ब्लाक अंतर्गत भदपा और सरायभारती गांव में पिछले सप्ताह किसी जंगली जानवर के पैरों के निशान दिखाई दिए थे। उसके कुछ ही दिन बाद गांव का रहने वाला एक युवक अपने घर वापस लौट रहा था इसी दौरान जंगली जानवर ने उसके ऊपर हमला करते हुए उसे घायल कर दिया। उसके बाद गांव के लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दिया सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी जब गांव में पहुंचे तो जानवर के पैरों के निशान के आधार पर तेंदुए के रूप में उसकी पहचान की गई। उसके बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम द्वारा तरह-तरह के हथकंडे अपनाए गए लेकिन सफलता हाथ नहीं आई। तेंदुआ पकड़ से बाहर रहने के चलते ग्रामीण काफी परेशान होने लगे।

गन्ने के खेत में मिली थी कुत्ते की लाश
यह भी बता दें कि इस समय गन्ना के फसलों की कटाई चल रही है और गन्ने की खेत में तेंदुए के छुपे होने की आशंका से ग्रामीण काफी भयभीत हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों सराय भारती गांव में एक गन्ने के खेत में गन्ने की कटाई चल रही थी। गन्ने की कटाई के दौरान ग्रामीणों ने खेत में एक कुत्ते का क्षत विक्षत लाश देखने के बाद अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर जांच करने पहुंचे तो वहां पर काफी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। इस दौरान अगल-बगल के जिन खेतों में सिंचाई हुई थी उन खेतों में भी अधिकारी पहुंचे और वहां उनको जानवर के पैरों के निशान दिखाई दिए। वन विभाग की टीम द्वारा बताया गया कि तेंदुए ने ही कुत्ते को मार डाला और उसे अपना भोजन बना लिया। अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि कुत्ते तेंदुए के प्रिय भोजन माने जाते हैं। ऐसे में ड्रोन कैमरे के माध्यम से खेतों में और आसपास के झाड़ जानकारियों में देखा गया लेकिन तेंदुआ नहीं मिला।

पिंजरे में रखे बकरी, ड्रोन से किए निगरानी
सराय भारती गांव में गन्ने के खेत में तेंदुआ होने की सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारियों द्वारा गन्ने के खेत में एक पिंजरे में बकरी को बांधकर ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाने लगी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी तेंदुआ वहां नहीं आया, उसके बाद टीम वापस लौट गई। वन विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है कि रात में अकेले ना निकले और जब भी आवश्यकता पड़े तो निकलते समय झुंड में बाहर जाएं। यह भी बताया गया कि खेतों में काम करने के दौरान भी झुंड में ही रहे अकेले रहने पर तेंदुआ हमला कर सकता है। तेंदुआ दिखाई देने पर उसे घेरने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग की टीम को सूचित करें। जहां कहीं भी मृत जानवर पाए जाते हैं तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को सूचित करें, क्योंकि उसके आसपास रही तेंदुआ हो सकता है ऐसे में वहां अकेले जाना जोखिम भरा हो सकता है। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यदि तेंदुआ बस्ती में आता है तो टीन बजा कर या आग जलाकर उसे भगाने का प्रयास करें।

मैदानी इलाके में कैसे आया तेंदुआ
बलिया जिले का चिलकहर ब्लॉक मैदानी और जंगल विहीन इलाका है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि चिलकहर ब्लाक के सराय भारती और भदपा गांव के अलावा हजौली, पहाड़पुर, गोपालपुर, संवरा सहित आसपास के गांव में भी तेंदुआ के पैरों के निशान मिले हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि एक से अधिक जानवर भी हो सकते हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आसपास जंगली इलाका नहीं है और मैदानी इलाका होने के चलते तेंदुआ कहां से आया और तेंदुए की संख्या कितनी है, इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। प्रभागीय वन निदेशक वीके आनंद का कहना है कि चिलकहर इलाके में जंगली जानवर मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पैरों के निशान के आधार पर उसकी पहचान तेंदुआ के रूप में की गई है। उसे पकड़ने के लिए गांव में अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं तथा पीलीभीत से भी वन विभाग की टीम को बुलाया गया है। जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications