10वीं में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल में दिया बच्चे को जन्म, सामने आया रेप का सनसनीखेज मामला
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक नाबालिग रेप पीड़िता का स्कूल में प्रसव हुआ तो हड़कंप मच गया। प्रसव के बाद आनन-फानन में पीड़िता को उसके घर भिजवा दिया गया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच पड़ताल करने की बात कही है। वहीं, एएसपी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र का है। बता दें कि 18 अगस्त को हाईस्कूल में पढ़ने वाली किशोरी स्कूल गई थी। क्लास रूम में ही किशोरी के पेट में दर्द हुआ तो उसने शिक्षक को इसकी जानकारी दी। शिक्षक ने अस्पताल की जगह लड़की को स्कूल के पास बगीचे में जाने को कह दिया। बाग में पहुंचते ही लड़की को प्रसव शुरू हो गया और उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। प्रसव की जानकारी मिलते ही स्कूल में खलबली मच गई। जिसके बाद आनन-फानन में स्कूल के कर्मचारियों ने किशोरी को उसके घर पहुंचा दिया।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि सात माह पहले घर पर दूध लेने के लिए आने वाले एक युवक ने युवती के साथ रेप किया था। इतना ही नहीं रेप के बाद उसने लड़की को किसी को भी इसके बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। एएसपी संजय यादव ने बताया कि रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित लड़की का मेडिकल टेस्ट कराया गया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications