बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह बोले- राजनैतिक आतंकवादी का रूप लेते जा रहे असदुद्दीन ओवैसी
बलिया, 30 जून: यूपी के बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) नेता असदुद्दीन ओवैसी 'राजनैतिक आतंकवादी' का रूप लेते जा रहे हैं। सुरेंद्र सिंह ने यह दावा भी किया कि पश्चिम बंगाल जम्मू कश्मीर का रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के हालात पर नजर रखे हुए है और सम्भव है कि वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। भाजपा विधायक के इस बयान पर एआईएमआईएम की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शौकत अली ने पटलवार किया है। उन्होंने कहा कि यह उनके मानसिक दिवालियापन को जाहिर करता है।

विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं सुरेंद्र सिंह
भाजपा विधायक ने सड़क निर्माण के निरीक्षण कार्यक्रम में पत्रकारों से कहा, एआईएमआईएम के मुखिया और सांसद असदुद्दीन ओवैसी राजनैतिक आतंकवादी का रूप ले रहे हैं और उनकी नीयत समाज को भड़काकर उसे खंडित करने की है। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ओवैसी को भारत की धर्म-निरपेक्षता पर तभी तक विश्वास है, जब तक हिन्दू समाज बहुसंख्यक है। बता दें, भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं।
एआईएमआईएम ने कहा- यह उनका मानसिक दिवालियापन
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के इस बयान पर एआईएमआईएम की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि यह उनके मानसिक दिवालियापन को जाहिर करता है। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और इसमें राजनैतिक आतंकवाद जैसे शब्दों की कोई जगह नहीं है। शौकत अली ने कहा कि सुरेंद्र सिंह, ओवैसी पर समाज को खंडित करने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन यह जगजाहिर है कि खुद भाजपा ही समाज को भड़काने और नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications