UP : माफिया गब्बर सिंह पर योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, 110 करोड़ की संपत्ति कुर्क
बहराइच, 25 जुलाई: उत्तर प्रदेश के बहराइच में जिला पंचायत सदस्य और माफिया गब्बर सिंह की 110 करोड़ की संपत्ति को जिला प्रशासन ने कुर्क कर लिया। माफिया गब्बर सिंह मुख्यमंत्री के मंच पर चढ़कर गुलदस्ता देने की तस्वीर सामने आने के बाद चर्चा में आया था। रविवार को पीएसी और पुलिस की मौजूदगी में डीएम ने माफिया के होटल और छोटी बाजार में स्थित दुकानों पर कुर्की का नोटिस चस्पा करते हुए सीज कर दिया। साथ ही कुछ ही समय में होटल से कब्जा हटाने के निर्देश दिए हैं। कब्जा हटाने पर प्रशासन का बुलडोजर भी चल सकता है।
Recommended Video

जेल में बंद है माफिया गब्बर सिंह
पयागपुर विकास खंड से जिला पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह उर्फ गब्बर सिंह माफिया है। उसके खिलाफ कई जनपद में हत्या, लूट, डकैती जैसी संगीन धाराओं में दर्ज 47 मुकदमे दर्ज हैं। इस समय वह जेल में बंद है। जिला प्रशासन के मुताबिक, माफिया की कुल 110 करोड़ की संपत्ति जब्त होगी। डीएम ने कुर्की की नोटिस चस्पा करते हुए सीज करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
गब्बर सिंह पर श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर व अयोध्या जिले में कूटरचित दस्तावेज तैयार करके सरकारी जमीन पर कब्जा करना व गरीब लोगों को बंधक बनाकर जमीन को क्रय-विक्रय के मामलों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इस समय पयागपुर थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं। रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे अवैध धन से बनाया गया बंधन गेस्ट हाउस छावनी में तब्दील हो गया। होटल के बाहर से लेकर अंदर तक पीएसी व पुलिस के जवान मुस्तैद हो गए। डीएम ने माइक से ऐलान करते हुए कहा कि इस होटल को धारा 14(1) के तहत कुर्क किया जाता है। डीएम के निर्देश के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में आगे की कार्रवाई की गई। डीएम ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट को प्रशासक नियुक्त किया गया है। सहयोग के लिए तहसीलदार व सीओ पुलिस को लगाया गया है।
85 करोड़ का होटल व 25 करोड़ की मार्केट हुई कुर्क
डीएम-एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बंधन होटल मैरिज लॉन कॉमर्शियल 40 कमरे के होटल को कुर्क किया गया है, जिसकी कीमत 85 करोड़ रुपए है। दूसरी वीरसेन सिन्हा मार्केट का आंशिक भाग दुकान छोटी बाजार को कुर्क किया गया है, जिसकी कीमत 25 करोड़ रुपए है।












Click it and Unblock the Notifications