आदमखोर भेड़िये को देखते ही कर दें शूट, पीड़ित परिवारों को मिलेंगे 5 लाख, CM Yogi ने बहराइच में किया निरीक्षण
Uttar Pradesh Bahraich Wolf News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में आदमखोर भेड़िए द्वारा लोगों पर लगातार हमला किया जा रहा है। इसी बीच रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच पहुंचे। बहराइच पहुंचने के बाद उन्होंने भेड़िए के हमले से प्रभावित महसी तहसील के गावों का हवाई निरीक्षण किया।
हवाई निरीक्षण करने के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भेड़िए के हमले से मारे गए मासूमों और घायल लोगों के परिजनों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि भेड़िया किसी व्यक्ति पर हमला करता हुआ पाया जाता है तो उसे गोली मारने का आदेश दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भेड़ियों को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को लगाया गया है। इसके बावजूद भी यदि भेड़िया लोगों पर हमला करता है और पकड़ा नहीं जाता है तो हमला करने से पहले उसे शूट करने का आर्डर दिया गया है।
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित बच्चों को चॉकलेट खिलाई। उन्होंने बच्चों को गोद में भी लिया। मुख्यमंत्री ने मखना देवी से भी मुलाकात की जो कुछ दिन पहले हमले में घायल हो गई थीं।
पीड़ित परिवार को मिलेगा 5 लाख
मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं पीड़ित परिवारों से भी मिला हूं। आगे की क्या रणनीति है इस पर भी विचार किया गया है। उन्होंने कहा कि वन्य जीव संघर्ष को हमारी सरकार ने आपदा श्रेणी में रखा है।
इसके अलावा भेड़िए की हमले से मरने वाले लोगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भेड़िए के हमले से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भेड़िए के हमले से जो लोग घायल हैं उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था भी की गई है।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भेड़िये सिर्फ एक गांव में हमला नहीं करते, वे अलग-अलग गांवों में हमला करते हैं। पहली घटना 17 जुलाई को देखने को मिली थी, जिसके बाद आखिरी हमला एक सितंबर को हुई। भेड़ियों ने 20-25 किलोमीटर के दायरे में हमला किया। पांच भेड़ियों को पकड़ लिया गया है और एक को पकड़ना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications