कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और अधेड़ को दबंगों ने खेत में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, मौत
बहराइच। यूपी के बहराइच में एक गांव में खेत की मेड़ सही करने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इस पर दबंगों ने अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक के बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसपी ग्रामीण ने घटना का जायजा लिया। हत्यारोपितों के जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

कोतवाली क्षेत्र के पचपेड़वा निवासी इमाम अली (50) पुत्र वाहिद अली अपने खेत की मेड़बंदी कर रहे थे। तभी गांव के ही कलाम, भूरी पुत्रगण भुसैली व शाहिद पुत्र मुहम्मद वहां पहुंच गए। मेड़बंदी को लेकर इमाम से कहासुनी होने लगी। इससे गुस्साए दबंगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दबंग यही नहीं रुके, खेत में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हत्या की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

कोतवाल संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह ने भी गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मिले। हत्या की वजह की जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि मृतक के पुत्र अली मुहम्मद की तहरीर पर कलाम, भूरी व शाहिद पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications