Leopard in Bahraich: छत पर सो रही महिला को उठा ले गया तेंदुआ, खेत में मिला शव, गांव में फैली दहशत
Leopard in Bahraich: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के एक गांव में शनिवार की रात तब कोहराम मच गया जब नींद में सो रही एक महिला को तेंदुआ उठा ले गया। ग्रामीणों की नींद अचानक चीख-पुकार से टूटी, और जब खोजबीन शुरू हुई तो कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में महिला की लाश मिली।
यह दिल दहला देने वाली घटना अयोध्यापुरवा गांव की है, जो कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज जंगल से सटा हुआ है। 45 वर्षीय जहीरा बानो अपने परिवार के साथ गर्मी से राहत पाने के लिए छत पर सो रही थीं।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच अचानक एक तेंदुआ छत पर चढ़ आया और महिला को गले से पकड़कर ले गया। उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, लेकिन तब तक तेंदुआ उन्हें दूर खेतों तक खींच ले गया था।
जंगल के साए में जीने की मजबूरी
ग्रामीण जब हांका लगाते हुए खोज में निकले तो कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में महिला का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर यह साफ था कि तेंदुए ने गले को अपना निशाना बनाया था। महिला के गले पर तेंदुए के नुकीले दांतों के गहरे निशान मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमला बेहद खतरनाक और घातक था।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है। गांव वालों का कहना है कि ये पहला मौका नहीं है जब तेंदुए ने इंसानी बस्ती में घुसपैठ की हो, लेकिन इस बार अंजाम बेहद खौफनाक रहा।
वन विभाग और पुलिस की टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सुजौली थाने की पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से तेंदुए की तलाश और निगरानी के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है और रात में खुले में सोने से बचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। परिजनों को सरकार की ओर से सहायता देने की बात कही गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग को इस क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए थी। वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि बस्तियों के बहुत पास तक जंगलों हैं ऐसे में इन इलाकों में तेंदुओं की आवाजाही अक्सर देखी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications