Bahraich Violence: दोबारा बवाल के बाद इंटरनेट बंद, आसपास के जिलों से बुलाई गई पुलिस, 'बड़ी कार्रवाई की तैयारी'
Bahraich Violence News Internet Shut down: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए सांप्रदायिक हिंसा में एक युवक की मौत हो जाने के बाद लोग काफी उग्र हैं। सोमवार को दोपहर में भी लोगों ने वाहनों में आग लगा दी।
इसके अलावा एक निजी अस्पताल में भी लोगों ने तोड़फोड़ की और उसे भी आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों का उग्र रूप देखकर अब बहराइच जनपद के हिंसा प्रभावित इलाकों में इंटरनेट सेवा स्थगित कर दी गई है। कहा जा रहा है कि सरकार मामले में बड़ी कार्रवाई करेगी।

इन इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद
सोमवार को दोबारा हुए बवाल के बाद महसी और महाराजगंज व आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इलाके में बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे, तलवार और त्रिशूल लेकर नारेबाजी कर रहे हैं।
हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं और प्रदर्शन कर रहे लोगों से वापस लौटने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा भारी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया है।
महसी इलाके में लगातार काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती देख आसपास के जनपदों से भी पुलिस बुला ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ जगहों पर वाहनों में आग लगाए गए तथा दुकानों में आगजनी की घटना सामने आई है, फिलहाल हालात काबू में है।
आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई आश्वासन
इधर महसी चौराहे पर मृतक रामगोपाल मिश्रा का शव रखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को काफी देर तक बातचीत करने के बाद मना लिया गया। स्थानीय विधायक द्वारा महसी चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों के सामने फोन पर सीएम से बात की गई।
बताया गया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा गया कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाएगा और एनकाउंटर के भी संकेत हैं। फिलहाल आश्वासन मिलने के बाद परिजन मृतक का अंतिम संस्कार करने को राजी हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications