बाइक पर बीवी को बैठाकर पति जा रहा था घर,अनजान को दी लिफ्ट फिर उसी ने मार दी गोली
Baghpat news, बागपत। अगर आप बाइक या कार से कहीं जा रहे हैं और अगर आपसे कोई लिफ्ट मांगे तो जरा सोच-समझकर लिफ्ट दीजिए क्योंकि जिसे आप लिफ्ट देने जा रहे हैं वो आपका दुश्मन भी हो सकता है। जी हां, ऐसा ही एक मामला बागपत जिले से सामने आया है जहां बाइक पर सवार दंपति से लिफ्ट लेकर एक युवक ने जानलेवा हमला करते हुए बाइक सवार युवक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की तफ्तीश में जुटी है। फिलहाल पुलिस वारदात को प्रेम-प्रसंग के चलते जोड़ रही है।

दरअसल मामला कोतवाली बडौत इलाके का है। जहां मलकपुर गांव का रहने वाले युवक राकेश पुत्र अपनी पत्नी प्रीति के साथ मोटरसाइकिल पर अपनी ससुराल से अपने गांव लौट रहा था लेकिन रास्ते मे ही एक युवक ने उससे लिफ्ट मांग ली और जैसे ही वह अपने गांव मलकपुर के पास पहुंचने ही वाला था तो लिफ्ट लेने वाले युवक ने राकेश पर गोलियां चला दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत की गम्भीरता को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।
वहींं पुलिस वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग मानकर चल रही है और एएसपी बागपत का कहना है कि जिस युवक ने हमला किया है उसे घायल युवक की पत्नी जानती थी और पत्नी के कहने पर ही आरोपी युवक को लिफ्ट दी थी और वारदात को प्लान बनाकर ही अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस पीड़ित की पत्नी से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications