बागपत: किसान की गोलियों से भूनकर हत्या, हिरासत में दो आरोपी
बागपत। बागपत के बिनौली थाना क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बीती देर रात एक किसान को घर से बुलाकर बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि किसान की हत्या पुरानी रंजिश के कारण हुई है, जिसमें परिजनों ने गांव के ही 2 ज्ञात व 2 अज्ञात लोगों को नामजद कराया है। फिलहाल, पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ में जुट गई है।

आवाज लगाकर घर से बाहर बुलाया
घटना बिनौली थाना क्षेत्र के बड़ावद गांव में सामने आई है। किसान हरेंद्र अपने घर पर था तभी बाइक पर सवार होकर तीन अज्ञात बदमाश आए और उन्होंने हरेंद्र को आवाज लगाई। हरेंद्र जब घर से निकल कर आया तो बदमाशों ने उसको ताबड़तोड़ कई गोलियां मारी, जिससे हरेंद्र की मौके पर मौत हो गई।
4 लोगों पर हत्या का आरोप, दो नामजद हिरासत में
हरेंद्र के भाई विजेंद्र ने गांव के ही 4 लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने कृष्णपाल और नीतीश नाम के दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है वहीं, दो अज्ञात लोगों पर भी हत्या करने का आरोप है। कुल मिलाकर 4 लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मृतक के भाई ने बिलोली थाना पुलिस को तहरीर दी है। एडिशनल एसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बिनौली थाना पुलिस ने दो ज्ञात व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि कृष्णपाल और नीतीश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हत्या के बारे में पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications