Baghpat accident: जैन महोत्सव का मंच गिरने से 20-25 लोग घायल, 5 लोगों की मौत
Baghpat accident: बागपत के बड़ौत में मंगलवार को जैन निर्वाण महोत्सव के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान लकड़ी का मंच टूटने से दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ पुरुष भी शामिल हैं।
यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु मान स्तंभ पर लड्डू चढ़ा रहे थे। मंच पर भारी संख्या में श्रद्धालु थे। अचानक मंच टूटने से कई लोग नीचे गिर गए। इस दौरान कई लोग दब गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

5 से 6 लोगों के मरने की सूचना
इस बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए डीएम अस्मिता लाल ने बताया कि घटना में लगभग 40 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। सभी को अस्पताल पहुंचा दिया गया। 20 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। अन्य का इलाज जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि इस हादसे में 5 लोगों की मृत्यु हुई है।
20-25 लोग हुए हैं घायल
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 20-25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2-3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि बड़ौत के दिगंबर जैन कॉलेज के मैदान में आदिनाथ भगवान के निर्वाण के लड्डू चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। अधिक संख्या होने के कारण मंच पर अधिक दबाव पड़ा और मंच टूट गया। हालांकि, घटना के कारणों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और इस मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना से संबंधित और जानकारी मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications