UP: आजमगढ़ पहुंचे शिवपाल यादव ने बीजेपी पर जमकर साधा निशाना, बोले- 2024 में बनेगी विपक्ष की सरकार
UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव आजमगढ़ पहुंचे। आजमगढ़ में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में सपा यूपी की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
UP Azamgarh News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंचे। आजमगढ़ में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार हाेगी और विपक्ष की सरकार बनेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी। शिवपाल यादव आजमगढ़ के रानी की सराय थाना क्षेत्र के चड़ई गांव निवासी संदिग्धावस्था में मृत सीआरपीएफ के जवान परविंद यादव के घर शांक संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंचे थे।

उन्होंने जवान के परिजनों से मुलाकात की और मुलाकात करने के बाद उन्हें ढांढस बंधाने के साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी परिवार के साथ हमेशा खड़ी रहेगी। इसके अलावा उन्होंने मांग किया कि मृत जवान को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए जिससे उसके परिवार को समस्याओं का सामना ना करना पड़े।
एयरपोर्ट का दावा हवा हवाई, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
शिवपाल यादव ने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि आजमगढ़ एयरपोर्ट का दावा केवल हवा हवाई है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आजमगढ़ में एयरपोर्ट बनाने की मंशा ही नहीं है यही कारण है कि अब तक आजमगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान की शुरुआत नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9 साल के कार्यकाल को बेमिसाल बताया जा रहा है। लेकिन, वास्तव में भाजपा सरकार में अपराधी बेलगाम हैं। अतीक अहमद और जीवा हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में दोनों को गोली मारी गई। एक बार पत्रकार और दूसरी बार वकील के भेष में आए बदमाशों द्वारा जघन्य हत्या की गई। उन्होंने यह भी कहा कि इसकी आड़ में पत्रकारों और वकीलों को बदनाम किया जा रहा है। इसकी जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
सपा सरकार में ही हुआ है आजमगढ़ का विकास
आगे उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भ्रष्टाचार महंगाई और बिजली व्यवस्था को लेकर पूरे प्रदेश में लोग काफी परेशान हैं। सभी मामलों में भाजपा सरकार पूरी तरह फेल है और जनता को बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जीतेंगे और भारतीय जनता पार्टी की इस बार हार होगी तथा विपक्ष की सरकार बनेगी।
आजमगढ़ के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि आजमगढ़ का विकास केवल समाजवादी पार्टी की सरकार द्वारा ही हुआ है और आगे भी समाजवादी पार्टी के द्वारा ही आजमगढ़ का विकास हो सकता है। वहीं आजमगढ़ से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जिसे उम्मीदवार घोषित किया जाएगा वह चुनाव लड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications