आजमगढ़ : कलेक्ट्रेट परिसर में साधु का हाई वोल्टेज ड्रामा, पानी टंकी पर चढ़कर कूदने की देने लगा धमकी Video वायरल
आजमगढ़ जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पानी टंकी पर चढ़कर एक साधु कूदने की देने लगा धमकी, एक घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
आजमगढ़, 06 अगस्त : जमीन के मामले में न्याय न मिलने के कारण नाराज हुआ एक साधु शुक्रवार को दोपहर में आजमगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पानी टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर चढ़ने के बाद वह कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। साधु को टंकी पर से उतारने के लिए काफी देर तक समझाना पड़ा। बाद में समझाने बुझाने पर एक घंटे बाद वह साधु पानी टंकी से नीचे उतरा। साधु के नीचे उतरने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

विपक्षियों द्वारा जमीन कब्जा किए जाने से था नाराज
आजमगढ़ जिले के सगड़ी तहसील अंतर्गत अजगरा गांव के रहने वाले बाबूलाल नामक साधु ने आरोप लगाया कि उसकी जमीन को दबंग लोगों ने कब्जा कर लिया है। दबंग लोगों से जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए उसने दीवानी न्यायालय में केस दायर किया था। जीत जाने के बाद भी उसकी जमीन को दबंग लोगों द्वारा खाली नहीं किया गया। साधु ने आरोप लगाया कि जमीन खाली करने के लिए कहने पर दबंगों द्वारा उसे मारने की धमकी भी दी जा रही है।

जिलाधिकारी से मिलने नहीं दिया गया तो हुआ नाराज
साधु बाबूलाल ने बताया कि जमीन के मामले में मुकदमा जीत से जाने के बाद भी उसकी जमीन को दबंग लोग खाली नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार को वह जिलाधिकारी से मिलकर न्याय की गुहार लगाने के लिए पहुंचा था। वहां पहुंचने के बाद लोगों ने उसे जिलाधिकारी से मिलने नहीं दिया। इसी बात से वह नाराज हुआ उसे कुछ समझ में नहीं आया ऐसे में वह पानी टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।

पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के छूटे पसीने
कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पानी टंकी पर चढ़कर साधु द्वारा कूदकर जान देने की धमकी दी जाने लगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे। साधु द्वारा बार-बार टंकी से कूदने की धमकी दी जा रही थी, जिससे वहां मौजूद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के पसीने छूट गए। साधु को टंकी पर चढ़ा देख वहां पर काफी संख्या में भीड़ भी एकत्र हो गई। करीब एक घंटे तक समझाने बुझाने के बाद साधु पानी टंकी से नीचे उतरा तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।












Click it and Unblock the Notifications