आजमगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के लापता होने का पोस्टर हुआ जारी
आजमगढ़। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ सीट से जीत हासिल किए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गुमशुदगी का पोस्टर जारी हो गया है। उनके संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में उनके लापता होने का पोस्टर लगाया गया है। यह पोस्टर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से जारी किए गए हैं। आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज के जोहर पार्क में सीएए और एनआरसी के विरोध में मुस्लिम महिलाओं पर लाठीचार्ज को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने संसदीय क्षेत्र में लोगों के निशाने पर हैं।

अखिलेश यादव के लापता होने को लेकर शहर के मुसाफिरखाना और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में पोस्टर लगाए गए हैं। जारी किए गए पोस्टर में लिखा है कि सीएए और एनआरसी के विरोध-प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम महिलाओं पर हुई पुलिसिया बर्बरता पर अखिलेश यादव क्यों चुप हैं। अखिलेश यादव साल 2019 के चुनाव के बाद से लापता हैं। पोस्टर में यह भी दिखाया गया है कि इसे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विभाग की तरफ से जारी किया गया है।
हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री और आजमगढ़ के सांसद अखिलेश यादव ने ट्विटर के जरिए सीएए के खिलाफ धरने को लेकर पुलिसिया कार्रवाई की निंदा की थी। ट्वीट कर उन्होंने लिखा कि हर मंच से गोली की बात करने वाले संवैधानिक मूल्यों की बात कब करेंगे। शांतिपूर्वक धरना लोगों का संवैधानिक अधिकार है। आजमगढ़ में पुलिस ने बर्बरता की सभी हदें पार कर दी और मैं इसकी घोर निंदा करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications