UP News: पोती की शादी में दादी ने जमकर किया डांस, हंसते रहे लोग, पल भर में चली गई जान
UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अमरोहा में अपनी पोती की शादी में डांस करते समय एक वृद्ध महिला अचानक गिर गई। परिवार वाले उन्हें अस्पताल पहुंचाते उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
शादी वाले घर में अचानक ऐसी घटना होने के चलते परिवार में मातम पसर गया। चारो तरफ चीख-पुकार मच गई। हालांकि दादी को अस्पताल में ही रखा गया और शादी संपन्न हो जाने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।

यह पूरा मामला अमरोहा जनपद के लखमिया गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले सतीश कुमार की बेटी अनामिका की शादी नौगावां तगा के रहने वाले एक युवक के साथ तय थी।
बुधवार को बारात आनी थी। ऐसे में घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार में जश्न का माहौल था। इसी बीच सभी लोग डीजे पर बज रहे गाने पर डांस कर रहे थे। परिवार वालों के साथ ही दुल्हन की दादी तारा देवी भी डांस कर रही थी।
बूढ़ी दादी को डांस करता देख वहां मौजूद परिवार के सदस्य तालियां बजाने लगे और ठहाके लगाकर हंसने लगे। इसी बीच अचानक तारा देवी जमीन पर गिर गईं। उनके गिरने के बाद डीजे बंद कर लोग तत्काल उन्हें उठाने का प्रयास किए लेकिन वे नहीं उठीं।
उसके बाद परिवार के लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। लोग दुल्हन से यह बात छुपाए रहे हालांकि बाद में दुल्हन को भी पता चल गया और वह भी रोने लगी।
किसी तरह शादी संपन्न कराई गई और दुल्हन काे विदा किया गया। उसके बाद दादी तारा देवी का अंतिम संस्कार किया गया। डॉक्टरों द्वारा बताया गया कि डांस करते समय हार्ट अटैक के चलते उनकी मौत हुई होगी।












Click it and Unblock the Notifications