अमरोहा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही, टीका लगने से 47 बच्चों की हालत बिगड़ी, 3 महीने की बच्ची की मौत
अमरोहा, 01 मार्च: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 3 महीने से लेकर 6 महीने तक के बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाव के टीके लगाए थे। आरोप है कि टीका लगने के कुछ ही घंटों बाद 47 बच्चों की हालत बिगड़ गई। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां मंगलवार की सुबह एक बच्चे ने दम तोड़ दिया। सीएमओ ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।

एक-एक बच्चे को पांच-पांच टीके
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम अमरोहा के नौगांवा सादात इलाके के गांव देहरा में आई थी। ग्रामीणों ने बताया कि टीम ने गांव के करीब 47 नवजात बच्चों का टीकाकरण किया। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक-एक नवजात बच्चे को पांच-पांच टीके लगा दिए। टीका लगने के बाद गेंदा की 4 महीने की नवजात गुरमीत ने दम तोड़ दिया। 46 नवजात बच्चे अभी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
जबरदस्ती बच्चों को लगाए गए टीके, CMO ने कही जांच के बाद कार्रवाई की बात
पीड़ित प्रशांत कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दिसंबर, जनवरी के टीके बच्चों को एक साथ लगा दिए। कुछ बच्चों को एक साथ 5 टीके लगा दिए, जिससे बच्चों की हालत बिगड़ गई। एक बच्चे ने मंगलवार सुबह दम भी तोड़ दिया। मृतक बच्ची के परिजनों ने बताया कि बच्ची सो रही थी। उसको उठाकर टीका लगा दिया। जबरदस्ती 5 टीके एक के बाद एक लगाते चले गए। टीका लगाने के बाद उसकी मौत हो गई। गांव से तीन एंबुलेंस भरकर बच्चों को अस्पताल भेजा गया है। इस मामले में सीएमओ संजय अग्रवाल ने कहा कि एक टीम को गांव भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications