पड़ोसी की बेटी से की छेड़छाड़, गुस्साए बाप ने फावड़े से काट दी बेटे की गर्दन
अमरोहा। यूपी के अमरोहा में पड़ोसी की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत पर आग बबूला पिता ने फावड़े से बेटे की गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी। फिर खुद को बचाने के लिए जल्लाद बाप ने पड़ोसी को फंसाने के लिए अपने बेटे की लाश को उसके आंगन में फेंक दिया। हालांकि, जांच में सच सामने आने पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और घर से फावड़ा बरामद कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आपराधिक प्रवृत्ति का था बेटा
घटना अमरोहा जनपद के थाना आदमपुर थाने के गांव तरौली की है। गांव निवासी गिरीश गुर्जर का 18 साल का बेटा सतेंद्र आपराधिक प्रवृत्ति का था। वह पहले जेल भी जा चुका है। सोमवार रात करीब 11 बजे वह शराब के नशे में पड़ोसी के घर में घुसकर उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करने लगा। पड़ोसी ने रात में ही इसकी शिकायत गिरीश से की। इससे गिरीश आग बबूला हो गया।

गुस्से में ले ली बेटे की जान
वह बेटे सतेंद्र को घसीटता हुआ घर लेकर आया और इसी बात को लेकर बाप-बेटे में झगड़ा होने लगा। बात इतनी बढ़ी कि गुस्साए बाप ने फावड़े से अपने बेटे की गर्दन व सिर पर कई वार करके उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने बेटे का शव पड़ोसी के आंगन में फेंक दिया और उस पर हत्या का आरोप लगाने लगा।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
उधर, जैसे ही हत्याकांड की जानकारी पुलिस को हुई टीम मौके पर पहुंच गई। पड़ोसी के बयान और गिरीश के बयान से सच सामने आ गया। एसपी विपिन टाडा ने बताया कि पुलिस ने गिरीश को गिरफ्तार कर लिया और उसके घर से खून सना फावड़ा बरामद कर लिया। उसके खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए। पुलिस ने पड़ोसी की तहरीर पर आरोपी जल्लाद बाप गिरीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरीश को गिरफ्तार करके वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications