पाक बॉर्डर के नजदीक पंजाब में फूंका गया 100 फीट से ज्यादा ऊंचा रावण, कुंभकरण-मेघनाद का भी दहन
अमृतसर, 15 अक्टूबर, 2021: विजयादशमी (कार्तिक का दशहरा) पर पंजाब में इस बार गजब की रौनक दिखी। अकेले अमृतसर शहर में ही कई जगहों पर रावण-दहन किया गया। यहां प्रशासन ने 3 जगहों पर समागम के लिए परमिशन दी थी, जिसमें सबसे ऊंचा 130 फीट का रावण ट्रिलियम मॉल के पास ग्राउंड और रणजीत एवेन्यू दशहरा ग्राउंड 125 फीट का रावण प्रमुख थे। वहीं, दुर्ग्याणा कमेटी ग्राउंड में भी रावण दहन किया गया। इस बार सुरक्षा-व्यवस्था का भी खासा ध्यान रखा गया। दशहरे से पहले एडीसीपी रैंक के अधिकारियाें ने पुलिस फाेर्स के साथ जगह-जगह फ्लैग मार्च निकाला।

आज दशहरा के दिन शाम 6 से 7 बजे तक सिर्फ रावण दहन वाले स्थानों पर ही पटाखे फोड़ने की परमिशन दी गई। वहीं, प्रशासन ने दिवाली पर 3 घंटे शाम साढ़े 6 से रात साढ़े 9 बजे तक पटाखे फोड़ने की अनुमति दी है। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, आज तरनतारन में 4 जगह रावण दहन हुआ। गांधी पार्क ग्राउंड में श्री सनातन धर्म सभा की ओर से, खेमकरण के सरकारी स्कूल के मैदान और पट्टी, चोहला साहिब खेल स्टेडियम ग्राउंड में भी रावण दहन हुआ। एक हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि, इस बार रणजीत एवेन्यू ग्राउंड में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जलाए गए। इन पुतलों को कारीगरों ने क्रेन की मदद से खड़ा किया था।

अमृतसर के डीसी गुरप्रीत सिंह खैहरा ने कहा कि, दशहरा-दीपावली को लेकर आदेश जारी किए गए हैं, जिसमें खास बात यह है कि, हमारे यहां गैर-लाइसेंसी दुकानों को पटाखे बेचने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि, नियमों का उल्लंघन पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, लोगों को अंधाधुंध आतिशबाजी भी नहीं करनी। अब दिवाली पर 3 घंटे पटाखे फोड़ने की छूट रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications