पंजाब: ट्रक को ओवरटेक करते हुए बस ने बाइक को टक्कर मारी, 4 युवकों की मौत
अमृतसर। पंजाब के मुक्तसर इलाके में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस व मोटर साईकल की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने मुक्तसर-कोटकपूरा सड़क मार्ग पर धरना देकर यातायात ठप कर दिया। पुलिस को उन्हें हटाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। संवाददाता के अनुसार, मुक्तसर-कोटकपूरा सड़क मार्ग पर गांव झबेलवाली व वडि़ंग के बीच दर्दनाक हादसा हुआ।

तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई
ट्रक को ओवरटेक करते हुए तेज रफ्तार बस ने बाईक सवार युवकों को टक्कर मार दी। जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक ने अस्पताल में दम तोड़ा। चारों युवक गांव वडि़ंग के खेत मजदूर परिवार से संबंधित थे। ये लोग मुक्तसर आ रहे थे। मृतकों की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र जगसीर सिंह, गुरप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, जुगराज सिंह पुत्र मेजर सिंह और गुरमुख सिंह पुत्र तारा सिंह के रूप में हुई है।

चारों मृतकों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच
हादसा इतना भयंकर था कि बस बस के नीचे जा घुसी। अमनदीप, गुरप्रीत व जुगराज की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायल गुरमुख सिंह को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चारों मृतकों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच थी। गुरप्रीत सिंह परिवार का इकलौता बेटा था। जुगराज सिंह और गुरमुख सिंह दोनों चचेरे भाई थे।

डबवाली ट्रांसपोर्ट जा रही थी बस
बस बादल परिवार की कंपनी डबवाली ट्रांसपोर्ट जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर डीएसपी तलविंदरजीत सिंह, एसएचओ थाना सिटी मुक्तसर अशोक कुमार और एसएचओ बरीवाला रूपिंदरजीत कौर समेत पुलिस दल भी जांच के लिए पहुंच गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications